Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है. ये सड़क हादसा राज्य के चंबा जिले में आज सुबह हुआ. चंबा के उपमंडल चुराह के तहत तीसाबैरागढ़ मार्ग पर मार्ग पर एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जानकारी के अनुसार, ये निजी बस शर्मा ट्रैवलर्स की थी. वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस बैरागढ़ से चंबा की ओर आ रही थी. तभी देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और दूसरी सड़क पर जा गिरी.

इस भीषण सड़क दुर्घटना में बस ड्राइवर और कंडक्टर समेत सात लोगों की मौत होने की बात सामने आ रही है. मरने वालों में चार पुरुष और तीन महिलाएं हैं. वहीं, हादसे में घायल करीब सात लोग घायल हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जो शर्मा ट्रैवलर्स की बस हादसे का शिकार हुई वो सुबह करीब 6.30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी.

बस ड्राइवर ने खोया नियंत्रण

बस सिर्फ तीन किलोमीटर ही चली थी कि तभी चालुज मोड़ के पास ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा. फिर बस नीचे की ओर गिर गई. जिस समय ये हादसा हुआ, उस वक्त बस में लगभग 15 से 20 लोग मोजूद थे. हादसे का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला.

पुलिस कर रही है इस हादसे की जांच

इसके बाद घायलों को तुरंत सिविल हॉस्पिटल तीसा भिजवाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा. मौके पर राहत कार्य जारी है. बस के मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है. तीसा थाना के एडिशनल एसएचओ अनुभव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस इस दुर्घटना की जांच कर रही है.