दातों और मसूड़ों की अच्छी सेहत सिर्फ मुस्कान के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि इसका असर खाने, बोलने और ओवरऑल हेल्थ पर भी पड़ता है. सही तरीके से ब्रश न करना, फ्लॉसिंग न करना, ज्यादा मीठा खाना, धूम्रपान या तंबाकू का सेवन और दांतों की सफाई पर ध्यान न देना मुंह की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है. इन आदतों की वजह से दांतों में कैविटी, दांतों में दर्द, मसूड़ों में सूजन और खून आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं.

इसके अलावा, मुंह की सेहत खराब होने पर सांसों में बदबू, दांतों में सड़न, से जुड़ी बीमारी और समय से पहले दांत कमजोर होकर गिरने की समस्या भी हो सकती है. कई बार मुंह की कुछ परेशानियां शुरुआत में साफ नजर नहीं आतीं और बाद में गंभीर हो सकती हैं. इसलिए रोज की ओरल केयर पर ध्यान देना जरूरी है. आइए जानते हैं दांतों और मसूड़ों को हेल्दी रखने के लिए रोज कौनसी आदतें अपनानी चाहिए और किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

दांतों और मसूड़ों की अच्छी सेहत के लिए रोज अपनाएं ये आदतें

दांतों को दिन में दो बार ब्रश करें और हर बार करीब दो मिनट तक सफाई करें. दांतों के बीच फंसे खाने और प्लाक को हटाने के लिए रोज फ्लॉस करें. ब्रश करते समय दांतों के साथ मसूड़ों की भी हल्के हाथ से सफाई करें. ज्यादा मीठे खाने और मीठे ड्रिंक्स का सेवन कम रखें, क्योंकि ज्यादा चीनी दांतों में कैविटी का खतरा बढ़ा सकती है. पानी पीते रहें और तंबाकू या धूम्रपान से बचें.

दांतों की सफाई के लिए बहुत जोर से ब्रश न करें, क्योंकि इससे मसूड़ों को नुकसान हो सकता है. इसके अलावा साल में कम से कम एक बार डेंटिस्ट से चेकअप और जरूरत के अनुसार प्रोफेशनल क्लीनिंग करवाना भी जरूरी है.

दांतों और मसूड़ों से जुड़े इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

दांतों में लगातार दर्द, ठंडागर्म लगने पर तेज झनझनाहट, मसूड़ों से बारबार खून आना या मसूड़ों में सूजन को नजरअंदाज न करें. दांतों में काले या भूरे निशान, कैविटी, दांतों का हिलना या चबाने में परेशानी भी ध्यान देने वाले लक्षण हैं. मुंह से लगातार बदबू आना या मसूड़ों में दर्द रहना भी ओरल हेल्थ से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है.

अगर मुंह में कोई घाव या बदलाव लंबे समय तक ठीक न हो, तो डेंटिस्ट से सलाह लें. कुछ ओरल बीमारियों में शुरुआत में दर्द या साफ लक्षण नहीं दिखते, इसलिए समयसमय पर डेंटल चेकअप जरूरी है.

अच्छी ओरल हेल्थ के लिए ये भी जरूरी

दांतों और मसूड़ों की सेहत के लिए सिर्फ ब्रश करना ही काफी नहीं है. डाइट में ज्यादा मीठी चीजों और ड्रिंक्स की मात्रा कम रखना जरूरी है. तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाएं, क्योंकि इनसे मुंह की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. दिनभर पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है.

बच्चों और बड़ों दोनों को अपनी ओरल हेल्थ पर ध्यान देना चाहिए. अगर पहले से दांत या मसूड़ों की कोई समस्या है, तो डेंटिस्ट की सलाह के अनुसार चेकअप कराएं. साल में कम से कम एक बार डेंटल चेकअप करवाना भी जरूरी है, ताकि ऐसी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सके.