हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में सुंदरनगर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने डैहर के पास नाकेबंदी के दौरान एक युवक को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह आरोपी दिल्ली से आ रही बस में सवार था। पुलिस ने आरोपी के पास से नशीला पदार्थ जब्त कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
सीट नंबर 30 पर बैठा था आरोपी
घटना बुधवार देर रात की है। एसआई दौलत राम अपनी टीम के साथ डैहर में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी दिल्ली से मनाली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस वहां पहुंची। पुलिस ने रूटीन जांच के लिए बस को रुकवाया। जैसे ही पुलिस बस के अंदर चढ़ी, सीट नंबर-30 पर बैठा एक युवक घबरा गया। उसकी घबराहट देखकर पुलिस का शक गहरा गया।
बैग की तलाशी में मिला 7 ग्राम चिट्टा
पुलिस ने शक के आधार पर युवक के बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान बैग में एक संदिग्ध लिफाफा मिला। जब इसे खोला गया तो उसमें 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को बस से नीचे उतारा और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान खेम सिंह (32) के रूप में हुई है। वह मंडी जिले के पधर तहसील का रहने वाला है।
रिमांड के जरिए खुलेगा राज
मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि वह यह नशा कहां से लाया था और हिमाचल प्रदेश में इसकी सप्लाई कहां होनी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।