हिमाचल में फिर लौट आया ‘पुष्पा राज’ का खौफ! रातों-रात काट ले गए 10 बेशकीमती चंदन के पेड़, जंगल में 15 पेड़ों पर छोड़े डरावने निशान

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में चंदन तस्करों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। जिला मुख्यालय के पास ओयल पंचायत के दनोह गांव में चोरों ने बड़ा धावा बोला है। यहां तस्कर रात के अंधेरे में निजी जमीन से चंदन के 10 कीमती पेड़ काटकर ले गए। तस्करों की इस दस्तक से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीण अपनी सुरक्षा और संपत्ति को लेकर चिंतित हैं।

15 पेड़ों पर लगाए ‘मौत’ के निशान
तस्कर केवल चोरी करके ही नहीं रुके, बल्कि उन्होंने भविष्य की चोरी की भी तैयारी कर ली है। चोरों ने मौके पर मौजूद करीब 10 से 15 अन्य पेड़ों पर आधे-अधूरे कट लगाकर निशान छोड़ दिए हैं। इससे आशंका है कि यह गिरोह दोबारा आकर इन्हें भी काटने की फिराक में है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी पेड़ गांव के रतन लाल, देवी राम और रामलाल की निजी जमीन (मलकियात) पर लगे थे। तस्कर सुनसान इलाकों को निशाना बना रहे हैं।

खौफ में ग्रामीण, पुलिस से गश्त की मांग
ग्राम पंचायत प्रधान दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस वारदात से ग्रामीणों में भारी रोष है। लोग डरे हुए हैं क्योंकि चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चंदन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से तस्कर बेखौफ घूम रहे हैं। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। प्रधान ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने इस संगठित गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की गुहार लगाई है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply