सूरजपुर/सरगुजा: अमेरा ओपन कोयला खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे संगठित कोयला चोरी के खेल का आखिरकार पर्दाफाश हो गया. गुप्त सूचना पर सक्रिय हुई थाना लखनपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया. मौके से 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल सहित लगभग 6 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर संगठित तरीके से कोयला निकाल रहे थे. खदान सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने पर तस्करों के समर्थन में भीड़ जुट जाती थी और माहौल तनावपूर्ण हो जाता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
निर्देश मिलते ही थाना लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. पुलिस को देखकर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर 21 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से कोयला चोरी करना स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 32/26 धारा 329(3), 303(2), 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया.
कार्रवाई के दौरान खदान के आसपास नदियों के मुहानों पर अवैध उत्खनन के लिए खोदे गए गड्ढों को भी जेसीबी से पाटकर समतल कराया गया, जिससे तस्करी के नेटवर्क पर सीधा प्रहार हुआ है. पूरी कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) तुल सिंह पट्टावी और थाना प्रभारी लखनपुर संपत पोटाई के नेतृत्व में की गई. पुलिस ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. क्षेत्र में आगे भी सघन निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी.