राजधानी शिमला में शुक्रवार को दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई। ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन बच्चों की छुट्टी कर दी और उन्हें घर भेज दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और दोनों स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला और सभी सुरक्षित पाए गए।

ई-मेल के जरिए मिली धमकी

जानकारी के अनुसार कालीबाड़ी के समीप स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाली ईमेल प्राप्त हुई। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए विद्यार्थियों को छुट्टी कर दी गई। पुलिस ने स्कूल परिसरों को खाली करवाने के बाद बम निरोधक दस्ते की मदद से कक्षाओं, परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की।

एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों स्कूलों को ईमेल के माध्यम से धमकी मिली थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर तलाशी कर रहा है।