दिल्ली: दिल्लीएनसीआर में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी समेत नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चली, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे मौसम सुहावना हो गया और बारिश की संभावना बढ़ गई। वहीं राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गुरुग्राम और नोएडा में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और धूल भरी आंधी के कारण अंधड़ जैसे हालात बन गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं फरीदाबाद में दोपहर बाद बादल छाने और धूल भरी हवाएं चलने से उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से हल्की ठंडक महसूस हुई और बारिश की संभावना भी बढ़ गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी के अधिकांश हिस्सों में तेज गरजचमक, बिजली गिरने और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

आईएमडी ने अपनी ‘नाउकास्ट’ चेतावनी में दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों को रेड अलर्ट के दायरे में रखा है। रेड अलर्ट का मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने यह चेतावनी जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को भी भेजी है तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।