देहरा से वाया डाडासीबा तलवाड़ा रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। बस डाडासीबा बस स्टैंड पर प्रतिदिन करीब एक घंटे तक स्टार्ट खड़ी रहती है।

शुक्रवार को भी बस करीब एक घंटे तक स्टार्ट खड़ी रही, लेकिन जैसे ही करीब 11:30 बजे इसे तलवाड़ा के लिए रवाना किया गया तो कुछ ही दूरी पर अचानक तकनीकी खराबी के कारण बस बंद हो गई।

काफी प्रयास के बाद भी बस दोबारा स्टार्ट नहीं हुई, जिसके चलते उसे सवारियों और अन्य लोगों की मदद से धक्का लगाकर सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। इससे बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार यह बस सुबह करीब 10:15 बजे डाडासीबा बस स्टैंड पहुंचती है और करीब 11:30 बजे तलवाड़ा के लिए रवाना होती है। इस दौरान बस को बंद करने के बजाय लगातार स्टार्ट रखा जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक घंटे तक बस के स्टार्ट रहने से जहां अनावश्यक रूप से डीजल की खपत हो रही है, वहीं बस स्टैंड के आसपास खड़े दुकानदारों, राहगीरों और यात्रियों को बस से निकलने वाले धुएं और इंजन के शोर से भी परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार सरकारी संसाधनों की बचत और खर्च में कटौती पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर बस को रोजाना करीब एक घंटे तक स्टार्ट रखने से सरकारी ईंधन की अनावश्यक खपत हो रही है। लोगों का सवाल है कि यदि बस की बैटरी कमजोर है तो उसे बदलने के बजाय रोजाना बस को स्टार्ट रखकर रूट पर भेजना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।

इस संबंध में देहरा डिपो के अड्डा इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि बस की बैटरी कमजोर होने के कारण उसे बंद करने के बाद दोबारा स्टार्ट करने में परेशानी आती है। डिपो में नई बैटरी उपलब्ध न होने के कारण सुबह बस को स्टार्ट करवाकर रूट पर भेजा जाता है।