हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक हैरान कर देने वाली आगजनी की घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार तड़के एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस मकान में करीब छह परिवार रहते थे और सभी उस समय गहरी नींद में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा मकान धधकने लगा और अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, और इसकी सबसे बड़ी वजह एक कुत्ता बना जिसने समय रहते खतरे का संकेत दे दिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शिमला के मशोबरा क्षेत्र से सटे पंजोग गांव की है। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे अचानक मकान के एक हिस्से में आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर में रह रहे सभी लोग गहरी नींद में थे और किसी को भी आग लगने की भनक तक नहीं थी।
इसी दौरान घर के पास मौजूद एक कुत्ता लगातार जोर-जोर से भौंकने लगा। उसकी आवाज सुनकर घर में सो रहे एक युवक की नींद खुल गई। जब वह बाहर निकला तो उसने मकान के एक हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। हालात की गंभीरता समझते हुए उसने बिना देर किए घर के बाकी लोगों को जगाया और सभी को तुरंत बाहर निकलने के लिए कहा।
युवक की सतर्कता और कुत्ते की भौंकने की वजह से घर में रह रहे सभी परिवारों के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कुछ मिनट और देरी हो जाती तो आग पूरे मकान को घेर लेती और अंदर सो रहे लोगों की जान को बड़ा खतरा हो सकता था। इस तरह एक कुत्ते की चेतावनी ने छह परिवारों की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई।
आग लगने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मिलकर घर में बंधे पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग की चपेट में आने से मकान के अंदर रखा ज्यादातर सामान, कपड़े और घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जिससे परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार जिस मकान में आग लगी उसमें रहने वाले सभी परिवार अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और आर्थिक सहायता दी जाए ताकि वे फिर से अपना जीवन सामान्य कर सकें।