चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से गर्व और प्रेरणा से भरी खबर सामने आई है। चंबा के उपायुक्त (DC) मुकेश रेप्सवाल की पत्नी प्रियंका चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। प्रियंका ने इस कठिन परीक्षा में 79वां रैंक प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है।
इस बड़ी उपलब्धि के बाद अब प्रियंका भी प्रशासनिक सेवा में शामिल होकर देश की सेवा करेंगी। उनकी इस सफलता से चंबा ही नहीं बल्कि उनके गृह राज्य राजस्थान में भी खुशी और गर्व का माहौल है।
पति के साथ रहकर की UPSC की तैयारी
बताया जा रहा है कि प्रियंका चौधरी ने चंबा में अपने पति मुकेश रेप्सवाल के साथ रहते हुए ही UPSC की तैयारी की। मुकेश रेप्सवाल पिछले एक साल से अधिक समय से चंबा जिले में उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
घर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच प्रियंका ने पढ़ाई के लिए समय निकाला और लगातार मेहनत जारी रखी। उनकी इस सफलता को कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है।
शिक्षिका से IAS बनने तक का सफर
प्रियंका चौधरी पेशे से एक स्कूल में शिक्षिका हैं। पढ़ाने जैसे जिम्मेदारी भरे काम के साथ उन्होंने अपने IAS बनने के सपने को भी जिंदा रखा।
बताया जा रहा है कि प्रियंका ने तीसरे प्रयास में UPSC परीक्षा पास की। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। इससे पहले दो प्रयासों में उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपनी तैयारी को बेहतर करती रहीं।
राजस्थान से है इस पावर कपल का नाता
आईएएस अधिकारी मुकेश रेप्सवाल और प्रियंका चौधरी दोनों मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। मुकेश रेप्सवाल एक युवा और ऊर्जावान अधिकारी के रूप में चंबा जिले में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अब प्रियंका के चयन के बाद यह जोड़ी एक IAS कपल के रूप में जानी जाएगी। प्रियंका की इस उपलब्धि से चंबा प्रशासन और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
उनकी सफलता कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।