ऊना: हिमाचल प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से भारी भरकम बिजली बिल आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला ऊना जिले के हरोली उपमंडल के टाहलीवाल बाजार से सामने आया है, जहां एक छोटे दुकानदार को करीब 71,986 रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया।
बताया जा रहा है कि टाहलीवाल बाजार में किराए की दुकान चलाने वाले इस दुकानदार के यहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाया गया था। जब बिजली बिल आया तो उसकी राशि देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। रोजमर्रा की कमाई से गुजर-बसर करने वाले दुकानदार के लिए इतनी बड़ी रकम चुकाना किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
दुकानदार का कहना है कि उसकी दुकान में बिजली की खपत बहुत ज्यादा नहीं है, इसलिए इतना बड़ा बिल आना समझ से बाहर है। जैसे ही यह मामला बाजार में फैला, अन्य दुकानदार भी हैरान रह गए और उन्होंने इसे लेकर बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई।
देखते ही देखते टाहलीवाल बाजार के कई व्यापारी इकट्ठा हो गए और इस मुद्दे पर चर्चा करने लगे। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि आज एक दुकानदार के साथ ऐसा हुआ है, तो कल किसी और के साथ भी हो सकता है। इससे बाजार के अन्य दुकानदारों में भी डर का माहौल बन गया है।
बढ़ते आक्रोश के बीच व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल टाहलीवाल स्थित बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित दुकानदार के बिजली बिल की जांच करने और गलती होने पर उसे तुरंत ठीक करने की मांग की।
व्यापारियों का आरोप है कि कई जगहों पर उपभोक्ताओं की स्पष्ट सहमति के बिना ही पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
व्यापारियों ने मांग की है कि जिन जगहों पर स्मार्ट मीटर से बार-बार समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। उनका कहना है कि तकनीकी खामियों वाले मीटर आम लोगों के लिए आर्थिक बोझ बन सकते हैं।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। यदि बिलिंग या मीटर रीडिंग में किसी तरह की तकनीकी त्रुटि पाई जाती है तो उसे तुरंत ठीक कर दिया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश के कई इलाकों से स्मार्ट मीटर से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं। कई उपभोक्ताओं ने भारी भरकम बिजली बिल आने की शिकायत की है, जिसके चलते अब स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।