हिमाचल में युवाओं के लिए बड़ा मौका: 82 पदों पर निकली भर्ती, 10वीं से MBA पास तक को मिलेगा रोजगार—30 हजार तक सैलरी

हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। जिले में एक मिनी रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कई निजी कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। इस रोजगार मेले में चयनित उम्मीदवारों को 30 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलने की संभावना है।

जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस रोजगार मेले में तीन प्रमुख कंपनियां युवाओं को नौकरी देने के लिए भाग लेंगी। इनमें नई दिल्ली की सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर और हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड भोरंज शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स कंपनी कुल 56 पदों पर भर्ती करेगी, जिसमें 50 पद सिक्योरिटी गार्ड और 6 पद सुपरवाइजर के होंगे। वहीं श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड दो पदों पर भर्ती करेगी, जबकि हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक कंपनी 24 पदों पर उम्मीदवारों का चयन करेगी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। इस तरह रोजगार मेले के माध्यम से कुल 82 पदों को भरा जाएगा।

सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके साथ ही उम्मीदवार की लंबाई कम से कम 170 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है।

श्रीराम फाइनेंस कंपनी में बीडीएम पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है और उनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक या एमबीए (मार्केटिंग) होनी चाहिए। वहीं हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक कंपनी में फील्ड ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास, स्नातक, बीबीए या बीवॉक होना आवश्यक है और आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है।

वेतन की बात करें तो श्रीराम फाइनेंस कंपनी बीडीएम पद पर चयनित उम्मीदवारों को 20 हजार से 30 हजार रुपए तक मासिक वेतन देगी। वहीं हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक कंपनी अपने कर्मचारियों को लगभग 13,500 रुपए प्रति माह वेतन देगी।

जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार इन सभी कंपनियों के साक्षात्कार 17 मार्च को उप रोजगार कार्यालय नादौन में आयोजित किए जाएंगे। यह इंटरव्यू सुबह 10 बजे से शुरू होंगे और चयन प्रक्रिया कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इंटरव्यू में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र और अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। साथ ही उम्मीदवार का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना जरूरी है।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply