हिमाचल: आसमान से गिरी रहस्यमयी चीज से मचा हड़कंप, पाकिस्तान का झंडा और ‘PIA’ लिखा गुब्बारा मिलने से दहशत में आए ग्रामीण

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब इंदौरा क्षेत्र के तारा खड्ड के पास खेतों में एक संदिग्ध गुब्बारा पड़ा मिला। यह गुब्बारा देखने में छोटे हवाई जहाज जैसा था और उस पर पाकिस्तान का झंडा बना हुआ था। साथ ही अंग्रेजी में ‘PIA’ भी लिखा हुआ था। अचानक आसमान से गिरी इस रहस्यमयी चीज को देखकर ग्रामीण घबरा गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी।

हवाई जहाज जैसी बनावट से बढ़ा शक

सफेद और हरे रंग का यह गुब्बारा आकार में एक छोटे विमान की तरह दिखाई दे रहा था। खेत में पड़े इस गुब्बारे को देखकर लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गईं। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। गुब्बारे पर पाकिस्तान का झंडा और ‘PIA’ लिखा होने के कारण लोगों को किसी साजिश का शक भी होने लगा। हिमाचल और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में पहले भी इस तरह के गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे हल्के में नहीं ले रही हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले पुलिस ने गुब्बारे को सावधानीपूर्वक अपने कब्जे में लिया और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया। पुलिस की विशेष टीम अब यह जांच कर रही है कि कहीं इस गुब्बारे में कोई कैमरा, जासूसी उपकरण या अन्य संदिग्ध चीज तो नहीं लगी हुई।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह सिर्फ एक साधारण गुब्बारा है या इसके पीछे कोई और वजह हो सकती है। एएसपी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply