
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए. मामला ऑनर किलिंग का है जहां प्रेम संबंधों के शक में एक 17 साल की छात्रा की हत्या कर शव को खेत में 8 फीट गहरी कब्र खोदकर दफन कर दिया गया. यह मामला तब खुला जब लड़की के प्रेमी ने बरेली के SSP को फोन कर सनसनीखेज दावा किया कि उसकी प्रेमिका को मार दिया गया है और उसे खेत में दबा दिया गया है. पुलिस ने जब जांच शुरू की तो परिवार की चुप्पी ने शक को यकीन में बदल दिया. परिवार ने न तो लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और न ही किसी को कुछ बताया. पुलिस ने जब चाचा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जो सच उगला, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. आइए जानते हैं इस दिल दहला देने वाली घटना की पूरी सच्चाई.
प्रेमी ने पुलिस को दी प्रेमिका की हत्या की सूचना
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के अनिरुद्धपुर गौटिया गांव की रहने वाली एक 10वीं की छात्रा 28 जुलाई से गायब थी. छात्रा का गांव के ही एक युवक के साथ अफेयर था. जब कई दिनों तक लड़की से संपर्क नहीं हो पाया, तो प्रेमी को अनहोनी का शक हुआ. उसने सीधे बरेली के SSP अनुराग आर्य को फोन लगाया और कहा, ‘सर, मेरी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी गई है और उसके शव को खेत में दबा दिया गया है.’ इस कॉल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया.
परिवार ने नहीं दी सूचना, रहस्यमयी चुप्पी
ईटीवी भारत की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पुलिस ने मामले की पड़ताल की, तो सबसे बड़ा सुराग यह मिला कि लड़की के परिवार ने उसके गायब होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी. पुलिस को यह व्यवहार बहुत अजीब लगा. जांच के दौरान पुलिस ने लड़की के चाचा जय प्रकाश को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि परिवार लड़की के प्रेम संबंधों के खिलाफ था, इसलिए उन्होंने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को गांव के पास एक खेत में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर छिपा दिया.
यूपी: बरेली में नाबालिग छात्रा का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार वालों की ये रिश्ता मंजूर नहीं था। छात्रा के चाचा जय प्रकाश ने भतीजी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में गहरे गड्ढे में गाड़ दिया। चाचा ने भतीजी के पैरों में लोहे की 6 कील भी गाड़ दी। पुलिस ने… pic.twitter.com/WyLa9DnKnZ
— Shahnawaz(News24) (@Shahnawazreport) August 20, 2026
कब्र खोदकर निकाला शव, फॉरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने बरेली के जिलाधिकारी (DM) से अनुमति ली और भारी पुलिस बल, राजस्व टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में खेत की खुदाई करवाई. शाम होते-होते उस खेत से लड़की का शव बरामद कर लिया गया. शव काफी हद तक डीकंपोज यानी सड़ चुका था. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण नहीं मिल पाया है, जिसके लिए अब आगे की फॉरेंसिक रिपोर्ट्स का इंतजार किया जा रहा है.
थाना अलीगंज #bareillypolice द्वारा “संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मृत्यु” के प्रकरण में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किये जाने के संबंध में श्री हेमन्त उपाध्याय, #CO आंवला की बाइट।#UPPolice https://t.co/g2iZTw1dfN pic.twitter.com/H8iEQ9jSAa
— Bareilly Police (@bareillypolice) August 20, 2026
ऑनर किलिंग की आशंका, अभी गिरफ्तारी बाकी
क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि लड़की के पिता प्रेमपाल कश्यप और परिवार पर गंभीर आरोप हैं. पुलिस इसे ऑनर किलिंग के नजरिए से देख रही है. अभी तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतज़ार कर रही है ताकि मौत की वजह साफ हो सके. रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर समाज के उन दकियानूसी सोच वाले चेहरे को बेनकाब करती है, जहां आज भी प्रेम के नाम पर बेटियों की जान ले ली जाती है.



