HP: ढाबा बंद कर घर लौट रहा था शख्स, एक मोड़, तेज रफ्तार और खत्म हो गई जिंदगी. फोरलेन पर मिली दर्दनाक मौत

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्वारघाट क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से लुढ़कती हुई सीधे नीचे फोरलेन पर जा गिरी, जिससे बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा स्वारघाट थाना क्षेत्र के गरा संपर्क मार्ग पर हुआ। 51 वर्षीय राकेश कुमार, जो गरा श्री नयना देवी जी के निवासी थे, रोज की तरह अपना ढाबा बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक मोड़ पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार के कारण वह सड़क से बाहर निकलकर गहरी खाई में जा गिरी। बाइक कई मीटर नीचे फोरलेन तक जा पहुंची, जिससे राकेश को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बाइक के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

मृतक राकेश कुमार पेशे से ढाबा संचालक थे और अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, वह हर दिन की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे, लेकिन यह उनका आखिरी सफर साबित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी संपर्क मार्गों की ढलान और मोड़ बेहद खतरनाक हैं, जहां जरा सी लापरवाही भी जानलेवा हो सकती है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply