नई दिल्ली/शिमला: नई दिल्ली की खराब हवा के बीच एक अनोखा और चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक हिमाचल प्रदेश की “शुद्ध हवा” को बोतलों में भरकर बेचता नजर आ रहा है—वह भी सिर्फ 50 रुपये में।
वीडियो में युवक पहाड़ों की वादियों में प्लास्टिक की बोतलों और स्प्रे के जरिए हवा भरता दिखाई देता है। इन बोतलों पर “पहाड़ों की ताजी हवा” लिखकर वह उन्हें लेकर दिल्ली के मशहूर इलाके कनॉट प्लेस पहुंचता है। वहां वह मजाकिया अंदाज में लोगों को ऑफर देता है—“दिल्ली की प्रदूषित हवा से परेशान हो? 50 रुपये में हिमाचल की ताजगी ले लो।”
दिल्ली की सड़कों पर इस अनोखे ‘प्रोडक्ट’ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। कई लोग उत्सुकता में रुककर बोतल से हवा का स्प्रे चेहरे पर लेते नजर आए। कुछ ने इसे मजेदार अनुभव बताया, तो कुछ ने इसे “ताजगी भरा और अलग” बताया।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘deluxebhaiyaji’ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और देखते ही देखते वायरल हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं—किसी ने इसे “जबरदस्त जुगाड़” कहा, तो किसी ने तंज कसते हुए लिखा कि “अब शायद एक दिन धूप और बारिश भी बोतल में बिकेगी।”
हालांकि यह पूरा प्रयोग हल्के-फुल्के मजाक के रूप में किया गया लगता है, लेकिन इसके पीछे एक गंभीर संदेश भी छिपा है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और गिरती हवा की गुणवत्ता पर यह वीडियो एक तरह से तंज कसता नजर आता है। यह सवाल भी उठाता है कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो क्या भविष्य में साफ हवा भी खरीदनी पड़ेगी?