HPU वेबसाइट पर बड़ा साइबर अटैक: नोटिफिकेशन की जगह दिखे अश्लील मैसेज, छात्रों में हड़कंप—क्या सुरक्षित है आपका डेटा?

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की आधिकारिक वेबसाइट सोमवार शाम एक बड़े साइबर हमले का शिकार हो गई, जिससे छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। हैकरों ने वेबसाइट के नोटिफिकेशन सेक्शन को निशाना बनाते हुए वहां शैक्षणिक जानकारी की जगह अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज दिखा दिए।

बताया जा रहा है कि यह साइबर हमला शाम करीब 6 बजे हुआ। जैसे ही छात्र जरूरी अपडेट देखने के लिए वेबसाइट पर पहुंचे, उन्हें अभद्र सामग्री दिखाई दी। यह स्थिति लगभग एक घंटे तक बनी रही, जिसके बाद तकनीकी टीम ने करीब 7 बजे वेबसाइट को बहाल कर लिया।

यह घटना ऐसे समय में हुई जब विश्वविद्यालय में इंटरनेशनल सेंटर फॉर डिस्टेंस एजुकेशन एंड ओपन लर्निंग (ICDEOL) के विभिन्न कोर्सों की प्रक्रिया जारी है और परीक्षाओं के फॉर्म भरे जा रहे हैं। ऐसे में हजारों छात्र वेबसाइट पर निर्भर थे, जिससे इस हैकिंग का असर और गंभीर हो गया।

जैसे ही वेबसाइट पर आपत्तिजनक कंटेंट दिखा, उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। छात्रों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए विश्वविद्यालय की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। कई छात्रों ने यह चिंता भी जाहिर की कि कहीं उनका निजी डेटा सुरक्षित है या नहीं।

प्रारंभिक जांच में इस साइबर हमले के पीछे वेबसाइट के सिक्योरिटी सिस्टम या प्लगइन्स में खामी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हैकरों ने विशेष रूप से उस सेक्शन को टारगेट किया जहां नई सूचनाएं अपलोड की जाती हैं।

इस दौरान हजारों छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा फॉर्म भरने और जरूरी अपडेट लेने में बाधा आई, जिससे खासकर दूरदराज के छात्रों को दिक्कत हुई। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावा किया है कि वेबसाइट अब पूरी तरह सुरक्षित है और छात्रों का डेटा भी सुरक्षित बना हुआ है।

इस घटना ने सरकारी शैक्षणिक संस्थानों की डिजिटल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विश्वविद्यालय प्रशासन साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा सिस्टम को और मजबूत करने की तैयारी में है।

Leave a Reply