हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली। नादौन के गगाल क्षेत्र में हुई इस वारदात का खुलासा होने के बाद हर कोई हैरान रह गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि किशोर को महंगे मोबाइल फोन, खासकर आईफोन खरीदने का जुनून था। इसी चाहत में उसने अपनी मां की अलमारी से लाखों रुपये के गहने चुरा लिए। इस साजिश में उसके कुछ दोस्त भी शामिल थे, जिनसे उसकी मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 3 अप्रैल को पिता मुकेश कुमार ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। उन्होंने अपने बेटे पर ही शक जताया था। पुलिस ने जब नाबालिग से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। साथ ही अपने साथियों के नाम भी बताए।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए गहनों को सीधे बेचा नहीं गया, बल्कि आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए उन्हें एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया। गहनों के बदले करीब 3 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी से लगभग 32 ग्राम सोना बरामद कर लिया।
बलवीर सिंह (एसपी हमीरपुर) ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी गहने बरामद कर लिए गए हैं और नाबालिग की मां ने उनकी पहचान भी कर ली है। फिलहाल पुलिस नाबालिग और उसके दोनों साथियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल तो नहीं था।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार के भीतर भरोसे को झकझोरती है, बल्कि युवाओं में बढ़ती महंगी लाइफस्टाइल की चाहत पर भी सवाल खड़े करती है।