हिमाचल के कांगड़ा में थार सवार युवकों की दबंगई, ओवरटेक विवाद के बाद वॉल्वो बस में घुसकर चाकू से हमला, कई घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ओवरटेक को लेकर शुरू हुई बहस के बाद थार सवार युवकों ने एक प्राइवेट वॉल्वो बस पर हमला कर दिया और बस चालक, कंडक्टर सहित कई यात्रियों को घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे थुरल क्षेत्र की है। एक प्राइवेट वॉल्वो बस बीड़ से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब बस बैरघट्टा के संकरे रास्ते से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही थार में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी।

सड़क संकरी होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे पाया, जिससे युवक गुस्से में आ गए। उन्होंने बस को ओवरटेक कर आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी और बस को जबरन रोक लिया। इसके बाद तीनों आरोपी बस के अंदर घुस गए और ड्राइवर व कंडक्टर के साथ गाली-गलौज करने लगे।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर चालक और कंडक्टर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए यात्रियों को भी नहीं बख्शा गया। हमले में ड्राइवर और कंडक्टर को पेट और पीठ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हो गए। बस में मौजूद अन्य यात्रियों में भी दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की। गोली चलने की आवाज से इलाके में डर का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना में घायल ड्राइवर सुंदर सिंह, राज कुमार, विजय कुमार और कंडक्टर प्रवेश कुमार को पहले थुरल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाका लगाकर बिना नंबर की काले रंग की थार को रोक लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान पंजाब के पठानकोट निवासी बलविंदर सिंह और अलीश, तथा होशियारपुर निवासी निशान पाल के रूप में हुई है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से चाकू, पिस्टल और नशीला पदार्थ चिट्टा बरामद किया गया है।

कंडक्टर के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और हथियार रखने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों के पास हथियार और नशीला पदार्थ कहां से आया।

Leave a Reply