हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता ने कथित घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन करीब एक महीने के बाद उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला के पिता, जो सुंदरनगर के जाहडू गांव के निवासी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी स्नेहा की शादी फंगवास गांव के नील कमल के साथ हुई थी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही दामाद ने उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया था।
इससे पहले भी परिवार ने इस मामले को लेकर सुंदरनगर के बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और आरोपी ने भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई।
लगातार हो रही इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने आत्महत्या करने की नीयत से जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महिला के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।