हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। सरकाघाट क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी को ग्रामीणों ने जंगल से दबोचा, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रस्सियों से बंधा दिखाई दे रहा है और पुलिस उसे अपने साथ ले जा रही है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी उम्र में मृतका से काफी बड़ा है।

मृतका की पहचान सिया गुलेरिया के रूप में हुई है, जो नैण गांव, गोपालपुर (सरकाघाट) की रहने वाली थी। वह रोज की तरह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर से करीब एक किलोमीटर दूर ही उस पर हमला कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना चेहरा छिपाने के लिए हुड पहन रखा था। उसने पहले दराट से युवती की बाजू पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत मौके के लिए रवाना हुए।

पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान ग्रामीणों को आरोपी जंगल में छिपा मिला। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

इस निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।