Raksha Bandhan Free Bus Service: रक्षाबंधन से पहले गाजीपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा और यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी पार्टी की तैयारियों पर बात की।

27, 28 और 30 अगस्त को महिलाओंबच्चियों की मुफ्त यात्रा
ओमप्रकाश राजभर ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर निःशुल्क बस सेवा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर 27, 28 और 30 अगस्त को महिलाओं और बच्चियों को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से महिलाओं और बहनों के लिए रक्षाबंधन का तोहफा बताया। राजभर के मुताबिक, इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस सेवा का लाभ देने की व्यवस्था की जाएगी।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सवालों पर राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब वह सपा के साथ थे, तब गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर सपा गठबंधन को जीत मिली थी, लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं।
राजभर ने दावा किया कि पूर्वांचल के कई जिलों में उनकी पार्टी ने अपनी पकड़ मजबूत की है। उन्होंने पिछली सपा सरकार पर पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि नाई, प्रजापति, पाल, कुम्हार, लोहार, राजभर और निषाद समेत कई समुदायों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने पिछली सपा सरकार की कानूनव्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उस दौरान गुंडों और माफियाओं का प्रभाव था। राजभर ने कहा कि मौजूदा सरकार में प्रदेश की जनता को उस व्यवस्था से राहत मिली है।
2027 में 403 सीटों पर संगठन मजबूत करने का दावा
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी अभी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में सीटों का बंटवारा गठबंधन स्तर पर दिल्ली में तय होगा। अतरौलिया सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तरह का टकराव नहीं है और अंतिम फैसला गठबंधन के स्तर पर ही लिया जाएगा। राजभर ने यह भी दावा किया कि 29 नवंबर को आजमगढ़ में होने वाले कार्यक्रम में उनकी पार्टी पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएगी।
अब्बास अंसारी को लेकर बोले ‘मैं उनका चाचा हूं’
मऊ विधायक अब्बास अंसारी के साथ रिश्ते और भविष्य में उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की संभावना पर भी राजभर से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि चुनाव आने पर देखा जाएगा। अब्बास अंसारी के उन्हें ‘चाचा’ कहने पर राजभर ने कहा, “वह सही बोलते हैं, मैं उनका चाचा हूं।” हालांकि, उन्होंने अब्बास के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की और कहा कि इसका जवाब चुनाव के समय ही दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
चीनीप्याज की कीमतों पर भी दी सफाई
चीनी और प्याज की बढ़ती कीमतों पर राजभर ने कहा कि बरसात के मौसम में सब्जियों के दाम बढ़ना हर साल की समस्या है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने चीनी की पर्याप्त व्यवस्था की है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विपक्ष की ओर से सरकार पर कमीशन और जमीन देने जैसे लगाए जा रहे आरोपों पर भी राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग और फैक्ट्रियां लगेंगी तो रोजगार के अवसर पैदा होंगे और इसके लिए जमीन उपलब्ध कराना जरूरी है। उनके मुताबिक, विपक्ष सरकार के हर काम का विरोध कर रहा है।
ये भी पढ़ें:



