Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इस इलाके में अब ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. छपरौला क्षेत्र में बिसरख मार्ग पर रेलवे पुल से लेकर एनएच91 तक की सड़क को चार लेन में विकसित करने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

उम्मीद जताई जा रही है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही सड़क निर्माण का काम शुरू होगा. इस मार्ग पर रेलवे पुल होने के कारण लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. एक मूर्ति चौक से जलालपुर होते हुए छपरौला और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन इसी रास्ते पर निर्भर हैं. औद्योगिक इकाइयों की मौजूदगी के कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है, जिससे ट्रैफिक की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है और लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. ऐसे में सड़क का चौड़ीकरण लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रहा है.
चार लेन में बनेगी सड़क, खत्म होगी जाम की समस्या
सड़क को चार लेन बनाने की योजना है. सड़क के दोनों ओर नई लेन बनाई जाएंगी और बीच में डिवाइडर तैयार किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव संतुलित रहेगा. साथ ही जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पुलिया और आरसीसी नालियों का निर्माण भी किया जाएगा. करीब एक किलोमीटर के इस हिस्से के चौड़ीकरण से ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद और एनएच91 की ओर जाने वाले लोगों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा.
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार के मुताबिक जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए योजना पर लगातार काम चल रहा है. इसी के तहत इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है.
लालकुंआ से जुड़ेगी सड़क
प्राधिकरण के अनुसार इसके साथ ही एक वैकल्पिक मार्ग पर भी काम किया जा रहा है, जो ग्रेटर नोएडा सेक्टर16 से शुरू होकर चिपियाना बुजुर्ग गांव से होते हुए गाजियाबाद के लालकुंआ के पास NH91 से जुड़ेंगी. इस नए रास्ते के बनने से शाहबेरी और विजयनगर जैसे जाम वाले इलाकों पर दबाव कम होगा और लोगों को आवाजाही में काफी राहत मिलेगी.



