एसी पूरी गर्मी अच्छी तरह से चलता रहे इसके लिए कुछ बातों का खास ख्याल रखने के जरूरत होती है। इन दिनों धूल मिट्टी और आंधी के कारण एसी के एयर फिल्टर में धूल जमा होने लगती है। इसे आपको साफ रखना चाहिए, क्योंकि इससे एसी की कूलिंग कम होने लगती है। समयसमय पर एसी के एयर फिल्टर को साफ करने से अच्छी, ठंडी और साफ हवा आती है। इससे एसी पर ज्यादा दबाव भी नहीं पड़ता और बिजली की खपत भी कम होती है। आप चाहें तो घर में खुद से भी एसी के फिल्टर साफ कर सकते हैं। इन्हें निकालना और लगाना भी आसान है। आइये जानते हैं एसी के एयर फिल्टर को कैसे साफ करें?

AC के फिल्टर कैसे साफ करें?
सबसे पहले एसी को स्विच से बंद कर दें। अब स्प्लिट एसी के फ्लेप को खोलें। आपको 2 फिल्टर दिखेंगे और उन्हें निकालने की जगह होती है। आप इसे थोड़ा बाहर की ओर खींचेंगे तो फिल्टर निकल आएंगे। अब फिल्टर पर जमा धूल मिट्टी को किसी सॉफ्ट ब्रश या कपड़े से साफ कर लें। अब एक बाल्टी में कोई माइल्ड शैंप या डिटर्जेंट डालें। इसमें फिल्टर को डालकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। अब इसे ब्रश की मदद से हल्के हाथों से साफ कर लें। साफ पानी से धो लें और फिर फिल्टर को धूप में थोड़ी देर के लिए रख दें, जिससे पानी सूख जाए। अब इन्हें वापस एसी के अंदर ही फिक्स कर दें।
एसी फिल्टर साफ करते वक्त ध्यान रखें बातें
भले ही एसी फिल्टर को साफ करना आसान लगे लेकिन कई बार कुछ छोटीछोटी गलतियां करने से परेशानी बड़ी हो जाती है। ऐसे में ध्यान रखें कि फिल्टर को बहुत ज्यादा तेजी से नहीं रगड़ना है। इससे फिल्टर की जाली खराब हो सकती है। ध्यान रखें कि फिल्टर अच्छी तरह से सूखे होने चाहिए, तभी उन्हें एसी में फिर से लगाएं। गीले फिल्टर लगाने से फंगस पनप सकती है और स्मैल आने लगती है। फिल्टर लगाते वक्त ध्यान दें कि कहीं जाली मुड़ तो नहीं रही है। अगर कुछ स्पेशल फिल्टर हों तो उन्हें उसी तरह से साफ करना चाहिए। इससे एसी लंबे समय तक सही चलेगा।



