बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना और उनकी पत्नी आकृति का मुंबई वाला आलीशान घर इन दिनों खूब चर्चा में है। हाल ही में फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ उनके घर पहुंचीं, जहां घर का हर कोना शाही अंदाज और फिल्मी सेट जैसी भव्यता से भरा नजर आया।

फराह खान अपने कुक के साथ उनके घर पहुंची थीं। अपारशक्ति का घर देख फराह भी काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने खुद इस घर को संजय लीला भंसाली और ओम शांति ओम का मिक्स बताया।
घर के लिविंग एरिया में लगा बड़ा सा नीले रंग का झूमर सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है, जो फराह खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ की याद दिलाता है। वहीं दीवारों और छत को बिना पेंट किए विंटेज और डिस्ट्रेस्ड लुक दिया गया है, जिससे घर को रॉयल और आर्टिस्टिक फील मिलती है।
अपारशक्ति ने घर का खास लकड़ी का दरवाजा भी दिखाया, जिसे पेंट करने के बाद जलाकर डिजाइन दिया गया था। आग की वजह से दरवाजे पर बना टेक्सचर इसे बेहद यूनिक और लग्जरी लुक देता है।
घर के अंदर एक खूबसूरत “नॉस्टैल्जिया हॉलवे” भी है, जहां बचपन की तस्वीरें छोटीछोटी फ्रेम्स में सजाई गई हैं। क्रीम और बेज रंग की दीवारों वाला यह हिस्सा घर को गर्मजोशी और फैमिली टच देता है।
वीडियो में फराह खान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिन कलाकारों को उनकी डांट पड़ती है, वो स्टार बन जाते हैं, और अगर कोई हीरोइन रो दे तो सुपरस्टार बनती है।
मुंबई में बने इस शानदार घर की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। रॉयल इंटीरियर, फिल्मी सेट जैसी सजावट और हर कोने में दिखती क्लास इसे किसी महल से कम नहीं बनाती।
बता दें कि अपारशक्ति खुराना ने साल 2021 के आखिर में मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ‘विंडो ग्रांड रेसिडेंसेस’ में ये आशियाना खरीदा था। दैनिक भास्कर में छपी खबर के मुताबिक इस लग्जरी अपार्टमेंट की कीमत करीब 7.25 करोड़ रुपये है।
करीब 1,745 स्क्वायर फीट में फैले इस घर के साथ दो कार पार्किंग स्लॉट भी दिए गए हैं। वहीं, इस प्रॉपर्टी की खरीद पर अभिनेता ने लगभग 36.25 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी भी चुकाई थी।



