Noida News: नोएडा के सेक्टर39 थाना क्षेत्र में स्थित एक मॉल के वाटर पार्क में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ. वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में नहा रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई. युवक परिवार के साथ वॉटर पार्क में मौजमस्ती कर रहा था. आरोप है कि अचानक से वह स्विमिंग पूल में डूब गया. आननफानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा निवासी द्रोण शर्मा अपने परिवार के साथ मॉल के वाटर पार्क में पहुंचा था. मंगलवार दिनभर मौजमस्ती के बीच अचानक वह वॉटर पार्क के स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान डूब गया. इसके लिए द्रोण के परिजनों ने सीधे तौर पर वाटर पार्क प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया. उनका आरोप था कि वाटर पार्क में पर्याप्त लाइफगार्ड नहीं थे और न ही निगरानी के उचित इंतजाम दिखाई दिए. परिजनों ने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं थी. यदि समय रहते द्रोण को अस्पताल ले जाया गया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी.
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
इस घटना के बाद सबसे ज्यादा सवाल वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठने लगे हैं. घटना के बाद सेक्टर39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक अपने परिवार के साथ वाटर पार्क घूमने आया था. इस दौरान उसकी अचानक से तबीयत बिगड़ गई. परिवार के सदस्यों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे घोषित कर दिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन फिर भी पुलिस वाटर पार्क के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक की मौत किन कारणों से हुई. परिवार वालों ने वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में डूबने की बात बताई है. यदि मॉल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADCP मनीषा सिंह ने दी जानकारी
ADCP मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर39 में बने एक वाटर पार्क में द्रोण शर्मा नाम का युवक अपने परिवार के साथ आया था. वहां पर नहाने के दौरान उसकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद परिजनों के द्वारा उसको अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जांच की जा रही है.
यह पहला मामला पहला नहीं है, जब इस वाटर पार्क की सुरक्षा पर सवाल उठे हों. इससे पहले भी दिल्ली के युवक की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. उस मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ था. अब एक और युवक की मौत के बाद पुराने सवाल फिर जिंदा हो गए हैं कि आखिर पहले की घटनाओं से सबक क्यों नहीं लिया गया?



