देवरिया: यूपी के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर चौराहे पर हुए दर्दनाक हादसे में एक होने वाली दुल्हन की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में कुछ ही घंटों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं और बेटी की बारात का स्वागत होना था, वहां अब मातम और चीखपुकार का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गौरकोठी गांव की रहने वाली युवती की आज शादी थी और बारात आने की पूरी तैयारियां चल रही थीं। घर में उत्सव का माहौल था। बताया जा रहा है कि युवती शादी से पहले ब्यूटी पार्लर जा रही थी, तभी बरियारपुर चौराहे के पास सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जिस घर में मेहमानों की आवाजाही और उत्सव की रौनक थी, वहां अब सिर्फ रोनेबिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
गौरतलब है कि देश में हर दिन सैकड़ों लोग सड़क हादसे का शिकार होते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यातायात के नियमों का पालन नहीं करना है। फिर चाहें वो पैदल चलने वाले लोग हों या फिर वाहन चालक, दोनों ही यातायात के नियमों की अनदेखी करते हैं, जिसका खामियाजा अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। पुलिस और प्रशासन को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



