भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत तेज हो गई है. इसी क्रम में यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव एंबेसडर जेमिसन ग्रीर ने 22 से 24 जून 2026 तक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली का दौरा किया. इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को आगे बढ़ाना था.

BTA पर हुई कई दौर की चर्चा
दौरे के दौरान एंबेसडर ग्रीर ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ कई दौर की विस्तृत बैठकें कीं. इन बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार समझौते से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई. बातचीत के दौरान बाजार पहुंच बढ़ाने, डिजिटल व्यापार को मजबूत करने, सप्लाई चेन को अधिक भरोसेमंद बनाने, गैरटैरिफ बाधाओं को कम करने और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया.
अंतरिम समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की कोशिश
दोनों पक्षों ने हाल के महीनों में बातचीत करने वाली टीमों द्वारा हासिल की गई प्रगति की सराहना की. साथ ही तकनीकी और मंत्री स्तर की लगातार बैठकों से बनी सकारात्मक गति का स्वागत किया गया. चर्चा का मुख्य केंद्र एक अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देना रहा, जिसे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि समझौता ऐसा होना चाहिए जो संतुलित, व्यावसायिक रूप से सार्थक और दोनों देशों के कारोबारियों, किसानों, श्रमिकों तथा उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी हो.
आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर
बदलते वैश्विक व्यापारिक माहौल के बीच भारत और अमेरिका ने अपनी आर्थिक साझेदारी के बढ़ते महत्व को स्वीकार किया. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और मजबूत एवं विश्वसनीय सप्लाई चेन विकसित करने के साझा लक्ष्य को दोहराया. बैठक के अंत में दोनों देशों ने विश्वास जताया कि चल रही वार्ताओं से आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी और भारतअमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी आने वाले समय में और गहरी होगी.



