यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म टॉक्सिक इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है, लेकिन अब इसकी रिलीज एक बार फिर टाल दी गई है। पहले यह फिल्म 4 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे पोस्टपोन कर दिया गया है।

खुद यश ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इस देरी की जानकारी दी, हालांकि नई रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं किया गया है। यश ने एक लंबा नोट शेयर करते हुए लिखा, “कुछ फिल्में हम बनाते हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हम सिनेमा से प्यार क्यों करते हैं। टॉक्सिक ऐसी ही एक यात्रा रही है। सिनेमाकॉन में फिल्म पेश करना और वहां मिला जबरदस्त ग्लोबल रिस्पॉन्स इस बात की पुष्टि करता है कि यह फिल्म दुनिया भर में अपनी पूरी क्षमता के साथ पहुंचनी चाहिए।”
उन्होंने आगे बताया कि फिल्म पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसे वैश्विक स्तर पर रिलीज करने के लिए अभी कुछ साझेदारियों और डिस्ट्रीब्यूशन की प्रक्रिया चल रही है।
इसके बारे में बताते हुए यश ने लिखा,“टॉक्सिक पूरी हो चुकी है और हम फिलहाल ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और पार्टनरशिप्स को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसी वजह से हमने रिलीज टाइमलाइन को दोबारा तय करने का फैसला किया है। जैसा पहले बताया गया था, फिल्म 4 जून को रिलीज नहीं होगी, बल्कि बाद में एक ग्लोबली अलाइंड डेट पर रिलीज की जाएगी। टॉक्सिक जल्द ही दुनिया भर के सिनेमाघरों में आएगी।”
भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा मौका
यश ने कहा कि जब भारतीय सिनेमा दुनिया के मंच पर अपनी पहचान बना रहा है, तब हर किसी की जिम्मेदारी है कि स्तर को और ऊंचा किया जाए। उन्होंने लिखा,“एक अभिनेता और निर्माता के तौर पर मैं इसे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए कुछ बेहतर करने का मौका मानता हूं। हम थोड़ा और समय लेकर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारी फिल्म दुनिया तक उसी प्रभाव के साथ पहुंचे, जिसकी वह हकदार है।”
फैंस का किया धन्यवाद
यश ने लगातार सपोर्ट देने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा,“हर बदलाव और हर कदम पर आपका साथ मेरे साथ रहा है, और इसके लिए मैं दिल से आभारी हूं।”
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इंतजार बेकार नहीं जाएगा। “कुछ कहानियां सब्र मांगती हैं, कुछ सफर भी। हम वादा करते हैं कि आपको ऐसी फिल्म देंगे जिसे आप एंजॉय करेंगे, सेलिब्रेट करेंगे और जो भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का पल बनेगी।”
दूसरी बार टली रिलीज
यह पहली बार नहीं है जब टॉक्सिक की रिलीज आगे बढ़ी है। गीथू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, फिर इसे 4 जून तक टाला गया था, और अब दोबारा पोस्टपोन कर दिया गया है।
सिनेमाकॉन में दिखी झलक
हाल ही में फिल्म मेकर्स ने सिनेमाकॉन 2026 में लास वेगास में फिल्म की 9 मिनट की झलक दिखाई थी। फैंडैंगो से बातचीत में यश ने कहा था, “ बहुत महत्वाकांक्षी फिल्म है। पहली बार हमने इसे अंग्रेजी में भी शूट किया है। ऊपर से यह एक गैंगस्टर ड्रामा लग सकती है, लेकिन इसके भीतर कई परतें हैं। यह इंसानी व्यवहार और मनोविज्ञान के गहरे पहलुओं को दिखाती है। यह एक डार्क किरदार को पेश करने का अनोखा तरीका है।”
उन्होंने आगे कहा, “गीतू मोहनदास के साथ काम करना शानदार रहा। उन्होंने इस जॉनर को नया नजरिया दिया है। बेहतरीन टेक्नीशियंस के साथ यह फिल्म विजुअल स्पेक्टेकल होगी और दर्शकों पर गहरा मनोवैज्ञानिक असर छोड़ेगी।”
टीजर पर हुआ था विवाद
इस साल यश के जन्मदिन पर रिलीज हुए फिल्म के टीजर पर विवाद भी हुआ था। इसके बोल्ड विजुअल्स को लेकर आलोचना हुई थी। कर्नाटक स्टेट वुमन कमीशन में अश्लीलता और युवाओं पर गलत असर को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं नेशनल क्रिश्चियन फेडरेशन ने भी कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई थी और सेंट माइकल की गलत छवि दिखाने का आरोप लगाया था।



