इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 44वें लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीम के बीच में भिड़ंत देखने को मिलेगी, जिसमें दोनों टीमों के बीच में ये मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल की सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाली दोनों टीमों के लिए ये सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अब तक आईपीएल 2026 में कुल 8 मुकाबले खेले हैं और उसमें से सिर्फ तीन को जीतने में कामयाब हो सके हैं जबकि 5 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम को लेकर बात की जाए तो वह 8 मैचों में खेलने के बाद सिर्फ 2 मैच ही जीत सके हैं। ऐसे में सीएसके और मुंबई इंडियंस दोनों टीमों के लिए इस सीजन में खुद को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखने के लिए बाकी बचे मुकाबले काफी अहम हो गए हैं।

मुंबई के सामने अपना हिसाब बराबर करने का मौका
चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच में आईपीएल 2026 सीजन में ये दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। इससे पहले पिछला मैच दोनों टीमों के बीच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें सीएसके ने 103 रनों के अंतर से बड़ी जीत हासिल की थी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 40 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 19 मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रही है तो वहीं मुंबई इंडियंस को 21 मैचों में जीत मिली है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सीएसके और मुंबई इंडियंस के बीच अब तक कुल 9 मैच खेले गए हैं और इसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने जहां चार मैचों को जीता है तो वहीं मुंबई इंडियंस की टीम ने 5 मैचों को अपने नाम किया है।
बुमराह और सैमसन पर रहेगी सभी की नजरें
इस मैच को लेकर बात की जाए तो सभी की नजरें जिन दो खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा रहने वाली हैं उसमें पहला नाम संजू सैमसन का है, जिनका मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में बल्ला जमकर बोलते हुए नजर आया था और वह शतकीय पारी खेलने में कामयाब हुए थे। वहीं इसके अलावा दूसरा नाम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का है जिनके लिए आईपीएल का ये सीजन किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ है और ऐसे में वह किस तरह से वापसी करते हैं इस पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।



