LPG Cylinder price: 1 मई को सरकार ने बड़ा झटका देते हुए कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 933 रुपये का इजाफा कर दिया था। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में एलपीजी कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 3071.50 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। पिछले तीन महीने में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में तीन बार बढ़ोतरी हुई है। जिसकी वजह से इस दौरान कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का रेट 1300 रुपये बढ़ गया है। सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने जा रहा है।

आइए समझते हैं कैसे?
चाय से लेकर समोसा तक हो सकता है महंगा
कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट महंगा होने की वजह से आने वाले समय में चाय, चाउमीन समोसा सबके रेट बढ़ सकते हैं। बड़ी संख्या में छोटे दुकानदार कॉमर्शियल सिलेंडर पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में महज तीन महीने में 1300 रुपये रेट बढ़ने का असर आपकी जेब पर भी जल्द ही पड़ने वाला है। नुक्कड़ चौराहों से लेकर रेस्टोरेंट तक हर जगह महंगे सिलेंडर का असर मेन्यू कार्ड पर दिखेगा। बनारस जैसे शहरों में कई दुकानदारों ने गैस सिलेंडर के रेट बढ़ने की वजह से कीमतों को 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।
बढ़ने वाली है महंगाई
सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि तेल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना है। अगर आने वाले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल का भी रेट बढ़ाया गया तब की स्थिति में आमआदमी पर महंगाई की मार पड़नी तय है। बीते दिनों नायरा और शेल इंडिया जैसी प्राइवेट ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के रेट में इजाफा किया था। हालांकि तब सरकारी कंपनियों ने कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी।
सप्लाई ने भी डाला बुरा असर
मौजूदा परिस्थितियों में सप्लाई पर भी बुरा असर पड़ा है। जिसकी वजह से कई रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू कार्ड में कुछ प्रोडक्ट्स हटा दिए हैं। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार कुछ मालिकों का कहना है कि 15 दिन तक का वेटिंग है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इजाफे की वजह से भारत की एक बड़ी आबादी पर बुरा असर पड़ेगा। इससे खपत घटने और बेरोजगारी बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में नहीं किया इजाफा
सरकार ने अबतक घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। आखिरी बार इजाफा मार्च के महीने में हुआ था। देखना है कि सरकार कब तक घरेलू सिलेंडर को अपना सुरक्षा कवच प्रदान कर पाएगी।



