क्रिकेट जगत में एक बार फिर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। IPL 2026 में अब तक मौका न मिलने के बावजूद अर्जुन को एक नई टीम ने भारी रकम देकर अपने साथ जोड़ा है, जिससे T20 मुंबई लीग के ऑक्शन में जबरदस्त हलचल मच गई।

IPL 2026 के बीच अर्जुन तेंदुलकर पर हुई पैसों की बारिश, ऑक्शन में इस टीम ने लुटाई 5 गुना रकम
IPL 2026 के बीच अर्जुन तेंदुलकर पर हुई पैसों की बारिश, ऑक्शन में इस टीम ने लुटाई 5 गुना रकम

T20 मुंबई लीग के ऑक्शन में अर्जुन तेंदुलकर के लिए जबरदस्त बोली लगी। उन्होंने 2 लाख रुपये की बेस प्राइस के साथ एंट्री की थी, लेकिन बोली 5 गुना बढ़कर 10 लाख तक पहुंच गई। अंततः उन्हें ARCS अंधेरी ने अपनी टीम में शामिल किया। 26 साल के ऑलराउंडर इस सीजन पहली बार इस लीग में खेलते नजर आएंगे। अर्जुन अब भारतीय स्टार शिवम दुबे के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करेंगे, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने 20 लाख रुपये में रिटेन किया है। इसके अलावा टीम ने मुशीर खान को भी 11 लाख रुपये में खरीदा है।

अर्जुन फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में उन्हें अब तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। IPL में उनकी सैलरी 30 लाख रुपये है, जबकि मुंबई T20 लीग में उन्हें इसका करीब 33 प्रतिशत यानी 10 लाख रुपये मिलेंगे। गौरतलब है कि अर्जुन को IPL 2026 से पहले ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड के जरिए शामिल किया था।

खास अनुमति से खेलेंगे मुंबई लीग

दिलचस्प बात यह है कि अर्जुन को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने विशेष अनुमति दी है, ताकि वह इस लीग में खेल सकें। अर्जुन 202223 सीजन से घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेल रहे हैं और पहले मुंबई के लिए खेलते थे। MCA के नियमों के अनुसार, खिलाड़ी एक साल में IPL के अलावा सिर्फ एक लीग में हिस्सा ले सकता है। इसी तरह की छूट खिलाड़ी सिद्धांत अधतराव को भी दी गई है।

जून में होगी लीग की शुरुआत

T20 मुंबई लीग का आगाज जून के पहले हफ्ते में होने की उम्मीद है, जो इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खत्म होने के तुरंत बाद और मुंबई में मानसून शुरू होने से पहले खेली जाएगी।  भले ही अर्जुन तेंदुलकर को IPL 2026 में अब तक मौका नहीं मिला हो, लेकिन मुंबई T20 लीग में मिली बड़ी बोली उनके टैलेंट को उड़ान भरने में मददगार साबित हो सकती है। अब सबकी नजरें इस पर होंगी कि क्या वह इस मौके को भुनाकर खुद को साबित कर पाते हैं या नहीं।