हिमाचली खबर: यूपी के बरेली में एक मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड एलआईयू दारोगा की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले ने न सिर्फ इलाके को झकझोर दिया है, बल्कि भरोसे और रिश्तों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि जिस युवक को मुंह बोला बेटा और घर का सदस्य माना जाता था, उसी ने विश्वासघात करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में भी सामने आया है कि संपत्ति के लिए यह हत्या की गई है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सुभाषनगर के मढ़ीनाथ इलाके में रहने वाले गजराज सिंह एलआईयू से दारोगा पद से रिटायर हुए हैं। उनकी पत्नी शारदा यादव एक साधारण गृहणी थीं। रिश्तेदार रिंकू यादव के मुताबिक, बिहारीपुर के रहने वाले वरुण पारासरी का घर में आनाजाना था। धीरेधीरे वह परिवार के बेहद करीब आ गया और शारदा उसे अपने बेटे जैसा मानने लगी थीं। शनिवार दोपहर शारदा यादव घर से यह कहकर निकली थीं कि उन्हें बैंक में जेवर लॉकर में रखने हैं। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। जब देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिजन खुद ही तलाश में जुट गए।
वरुण की कार में बैठकर गई थी दारोगा की पत्नी
सर्विलांस और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता चला कि शनिवार सुबह 11:54 बजे वरुण ने शारदा को फोन किया था। इसके चार मिनट बाद, 11:58 बजे शारदा को मढ़ीनाथ इलाके में एक कार में बैठते हुए देखा गया। यह कार वरुण की ही थी। यहीं से शक गहराता चला गया।
नगर निगम में संविदा कर्मी है वरुण
परिजनों ने पुलिस को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद सोमवार शाम पुलिस ने वरुण को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पीलीभीत के जहानाबाद इलाके के पास से शारदा का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वरुण नगर निगम में संविदा कर्मी है।
पूरी प्लानिंग के साथ की हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं की गई, बल्कि पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई। वरुण पहले परिवार के करीब आया, उनका भरोसा जीता और फिर मौका देखकर शारदा को बहलाफुसलाकर अपने साथ ले गया। शारदा की हत्या करने के बाद वह शव को कार में रखकर घूमता रहा। इसके बाद में उसने शव को पीलीभीत के जहानाबाद में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
कार में मिले खून के निशान
पुलिस ने आरोपी की कार भी बरामद कर ली है, जिसमें खून के निशान मिले हैं। कार के अंदर रखे टायर खोलने वाले औजार पर भी खून लगा हुआ था। इसी से शारदा के सिर पर वार कर उनकी हत्या की गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी खुद मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा, हालांकि प्रथम दृष्टया सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत मानी जा रही है।



