
हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर से सांसद रवि किशन को मिली मानद उपाधि पर हल्केफुल्के अंदाज में चुटकी ली. रामगढ़ताल स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि रवि किशन उनसे बधाई की अपेक्षा कर रहे थे. इस पर उन्होंने पूछा कि किस बात की बधाई दी जाए. रवि किशन ने बताया कि उन्हें पीएचडी की उपाधि मिली है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह एक मानद उपाधि है. उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि ऐसी डिग्री को लेकर नौकरी नहीं मिल सकती और इसे केवल सम्मान के रूप में रखा जा सकता है.
सीएम योगी ने आगे कहा कि रवि किशन ने प्रोफेसर या डॉक्टर लिखने की इच्छा जताई, लेकिन उन्होंने समझाया कि मानद उपाधि के आधार पर ऐसे पदनाम का उपयोग नहीं किया जा सकता. उन्होंने हंसीमजाक में यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस आधार पर डॉक्टर बनकर इलाज करने लगे तो समस्या हो सकती है.
मुख्यमंत्री ने अंत में रवि किशन को इस सम्मान के लिए बधाई दी. उल्लेखनीय है कि सांसद को 4 मई को LNCT University द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई थी.



