हिमाचली खबर: Cleaning Tips: किचन में इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कुकर की सफाई तो हम रोजाना खाना बनाने के बाद करते हैं। कई बार कुकर तो अच्छे से साफ हो जाता है लेकिन उसकी सीटी पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता है। समय के साथ इस पर धीरेधीरे तेल, मसाले और भाप की वजह से गंदगी जमा होने लगती है, जिसकी वजह से ये काली दिखने लगती है।

कुकर की गंदी सीटी साफ करते समय रखें इन बातों का ध्यान, काम आ सकते हैं ये टिप्स​
कुकर की गंदी सीटी साफ करते समय रखें इन बातों का ध्यान, काम आ सकते हैं ये टिप्स​

कुकर में खाना बनाते समय सीटी के छेद की गंदगी फंसने से भाप सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाती है। ऐसे में कुकर की सीटी को समयसमय पर साफ करना बहुत जरूरी होता है। हालांकि इसकी सफाई करते समय कुछ बातों को ध्यान रखा जा सकता है जिससे सीटी खराब न हो और सही तरीके से काम करती रहे।

बरतें सावधानी

कुकर को साफ करने जा रहे हैं तो उसे पहले पूरी तरह से ठंडा कर लें, क्योंकि गर्म कुकर की सीटी निकालने की कोशिश में हाथ जलने का खतरा बढ़ा सकता है। जब कुकर ठंडा हो जाए तो सावधानी से सीटी को अलग कर लें।

गर्म पानी और सोडा

सीटी की गंदगी को साफ करने के लिए एक बर्तन में गर्म पानी ले लें और उसमें बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण में कुछ समय के लिए सीटी को भिगोकर रखें। इससे अंदर जमी चिकनाई और कालापन धीरेधीरे ढीला पड़ने लगेगा। बाद में पुराने टूथब्रश या छोटे ब्रश की मदद से इसे हल्के हाथों से साफ करें।

नींबू और नमक

नींबू और नमक की मदद से भी सीटी को साफ किया जा सकता है। इसके लिए नींबू पर थोड़ा सा नमक लगाएं और सीटी पर रगड़ें। कुछ देर बार सीटी को पानी से साफ कर लें। इससे सीटी का कालापन कम हो सकता है। सीटी को साफ करने के बाद इसे अच्छे से सुखा लें। गीली सीटी में दोबारा नमी लग सकती है और इससे जंग का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए साफ कपड़े से पोंछकर या खुली हवा में सुखाकर ही कुकर में सीटी लगाएं।

कुकर की सीटी को नियमित रुप से साफ करें जिससे उसकी लाइफ बढ़ने में मदद मिल सकती है। साथ ही खाना बनाते समय सुरक्षा भी बनी रहती है। अगर सीटी बहुत ज्यादा खराब या ढीली है तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए। सही देखभाल और टिप्स की मदद से आप कुकर की सीटी को लंबे समय तक साफ रख सकते हैं।