हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को वैष्णो देवी से यात्रा कर लौट रहे बाइक सवार दपंति और उनके तीन बच्चों समेत कुल 5 लोगों की ट्रक से टकराने के बाद दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

4 साल की अनायरा, 6 साल की दिशा और 9 साल का निशांत; मां-बाप के साथ वैष्णो देवी यात्रा बन गई आखिरी यात्रा​
4 साल की अनायरा, 6 साल की दिशा और 9 साल का निशांत; मां-बाप के साथ वैष्णो देवी यात्रा बन गई आखिरी यात्रा​

खुशीखुशी घर आ रहे थे, हाईवे पर मौत ने सब छीन लिया

जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी 38 वर्षीय उत्तम पुत्र महिपाल सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों के साथ धार्मिक यात्रा से वापस लौट रहे थे। परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर वापस आया था और खुर्जा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुका था। शुक्रवार की दोपहर सभी लोग बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के भैंसोली मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर हो गई।

9, 6 और 4 साल के मासूम भी नहीं बचे

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में उत्तम , उनकी पत्नी उर्मिला , बेटा निशांत बेटी दिशा और मासूम अनायरा शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही SSP बुलंदशहर, एसपी सिटी, सीओ और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

दुखद हादसे के बाद परिवार में कोहराम

मृतक उर्मिला के भाई रमेश ने बताया कि पूरा परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा था। खुर्जा में रिश्तेदार के यहां रुकने के बाद वे अपने गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।