हिमाचली खबर: ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार को फंसाने के लिए अपने इकलौते 13 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से दूर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता प्रदीप सिरसा को हिरासत में ले लिया है।

13 साल के इकलौते बेटे को मारकर तालाब में फेंका, प्रॉपर्टी विवाद में भाइयों को फंसाने का था प्लान​
13 साल के इकलौते बेटे को मारकर तालाब में फेंका, प्रॉपर्टी विवाद में भाइयों को फंसाने का था प्लान​

पकड़ा गया तो खुद गले में चाकू मारे

गुरुवार को कासना थाने में एक 13 वर्षीय बेटे सुधांशु के लापता होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर तत्काल FIR दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। CCTV फुटेज और आसपास के बच्चों से पूछताछ में पता चला कि लड़का अपने पिता के साथ कार में गया था। पुलिस टीम ने जब लड़के के पिता से गहन पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने अपने बेटे को गुलिस्तानपुर गांव में एक दोस्त के पास रखा है। हालांकि, वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा।

इस दौरान उसने चाकू से खुद के गले पर वार करके सुसाइड करने की भी कोशिश की। लोगों ने चाकू छीनकर उसे रोका। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

परिवार वालों को फंसाने का था प्लान

देर शाम कासना थाने को सूचना मिली कि लापता लड़के का शव सिरसा गांव में 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक लड़के के पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार के अन्य सदस्यों को फंसाने की नीयत से अपने ही बेटे की हत्या कर दी थी।

पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।