हिमाचली खबर: गर्मियों के समय मैदानी इलाकों में बहुत गर्मी पड़ती है, ऐसे में पहाड़ों और कश्मीर की ठंडी वादियों की याद आने लगती है। बर्फ से ढके पहाड़, खिले हुए बगीचे और चमकती हुई झीलें कश्मीर को और खूबसूरत बनाती हैं। यहां पर सिर्फ प्राकृतिक नजारे ही नहीं बल्कि कई मजेदार एक्टिविटीज को ट्राई कर सकते हैं।

अगर आप इस बार समर वेकेशन पर कश्मीर घूमने का प्लान कर रहे हैं तो यहां कुछ चीजों को ट्राई कर सकते हैं। ये आपकी ट्रिप को और मजेदार व यादगार बनाने में मदद करेंगी।
शिकारा सवारी
कश्मीर की ट्रिप शिकारा सवारी के बिना अधूरी मानी जाती है। यहां पर आप डल झील में शिकारा की सवारी कर सकते हैं। यह कश्मीर के सबसे शांत और सुकूनभरे अनुभवों में से एक है। लकड़ी की सुंदर नाव और शांत पानी में तैरते हुए बाजारों, हाउसबोट्स और चारों तरफ फैले शानदार पहाड़ों का नजारा देख सकते हैं।
गोंडोला राइड
गुलमर्ग गोंडोला दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार राइड्स में से एक मानी जाती है। गर्मियों के समय यहां हरेभरे घास के मैदान और पहाड़ों की ठंडी हवा इस सवारी को और शानदार बनाने में मदद करती है।
मुगल गार्डन
कश्मीर के मुगल गार्डन अपने रंगबिरंगे फूलों, फव्वारों और शांत वातावरण के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। इन बगीचों की खूबसूरती को देखकर आपको शाही जगह का एहसास होगा।
कैंपिंग और ट्रेकिंग
एडवेंचर एक्टिविटी के शौकीन लोगों के लिए कश्मीर एक बेहतर विकल्प हो सकता है। यहां गर्मी के समय घाटियों और पहाड़ों में ट्रेकिंग और कैंपिंग करने का आनंद लिया जा सकता है। शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना एक अलग अनुभव हो सकता है। यहां के ट्रेकिंग रूट्स दुनिया के सबसे सुंदर रास्तों में गिने जाते हैं।
पारंपरिक भोजन
कश्मीर की यात्रा का आनंद लेने के साथ उसके पारंपरिक भोजन का स्वाद जरूर लें। इसके बिना आपकी ट्रिप अधूरी रह सकती है। कश्मीर अपने समृद्ध स्वाद और पारंपरिक मसालों के लिए जाना जाता है। यहां की रोगन जोश से लेकर गर्म कहवा चाय तक का स्वाद लाजवाब है।
इसके अलावा कश्मीर के लोकल मार्केट में हस्तशिल्प, पारंपरिक शॉल, सूखे मेवे और कई खास चीजें खरीद सकते हैं। यहां की सड़कों पर घूमते हुए स्थानीय संस्कृति और रोजमर्रा की लाइफस्टाइल को करीब से समझने का बेहतरीन तरीका है।


