हिमाचली खबर: Mango Phirni Recipe: आम की लस्सी या मैंगो शेक तो आपने कई बार पिया होगा लेकिन क्या कभी पके आमों में चावल डालकर फिरनी तैयार की है। अगर नहीं तो आपको एक बार इसका स्वाद जरूर चखना चाहिए। यह स्वीट डिश न केवल पौष्टिक होती है बल्कि स्वाद भी लाजवाब होता है। इसका मीठाफ्रूटी फ्लेवर इसे गर्मियों के लिए खास बना देता है। इसका टेक्सचर खीर से थोड़ा ज्यादा स्मूद और गाढ़ा होता है, क्योंकि इसमें चावल को दरदरा पीसकर इस्तेमाल किया जाता है।

फिरनी का इतिहास उत्तर भारत, खासकर मुगलई खानपान से जुड़ा माना जाता है। दिल्ली, लखनऊ, पंजाब और कश्मीर जैसे इलाकों में फिरनी काफी लोकप्रिय रही है। पहले इसे मिट्टी के कुल्हड़ में ठंडा करके परोसा जाता था। मैंगो फिरनी पारंपरिक फिरनी का मॉडर्न और समर वर्जन मानी जाती है, जो खासतौर पर आम के मौसम में उत्तर भारत और बड़े शहरों की मिठाई व रेस्टोरेंट कल्चर में ज्यादा पसंद की जाने लगी। अब यह घरों में भी आसानी से बनाई जाती है। अगर चावल पहले से भिगो दिए जाएं, तो मैंगो फिरनी बनाने में लगभग 30 से 40 मिनट का समय लग सकता है।
मैंगो फिरनी बनाने के लिए सामग्री
1 कप चावल
2 कप मैंगो पल्प
4 कप फुल क्रीम दूध
1 चुटकी केसर
¾ टी स्पून इलायची पाउडर
¼ कप कटे बादाम
¼ कप कटे पिस्ता
¼ कप किशमिश
स्वादानुसार चीनी
मैंगो फिरनी बनाने की आसान विधि
आम फिरनी बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। ऐसा करने से चावल जल्दी भी पक जाते हैं और फिरनी का टेक्सचर ज्यादा स्मूद बनता है। इसे बनाने के लिए आप बादाम, पिस्ता और किशमिश को छोटेछोटे टुकड़ों में काटकर रख लें। फिर भीगे हुए चावल का पानी निकालें। मिक्सर में डालकर हल्का दरदरा पीस लें।
एक बात का ध्यान रखें कि चावल का बहुत पतला पेस्ट न बनाएं। फिर अब एक भारी तले वाले पैन या कड़ाही में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। जब दूध हल्का उबलने लगे तब उसमें दरदरे पिसे हुए चावल डाल दें। इसे लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से चावल नीचे चिपकते नहीं है। इसके बाद मिश्रण में चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। गैस को मध्यम आंच पर रखें। इसे तब तक पकाएं जब तक चावल पूरी तरह नरम न हो जाएं। धीरेधीरे मिश्रण हल्का गाढ़ा होने लगेगा।
फिर इसमें आधे कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें। इससे फिरनी में हल्का क्रंच और रिच स्वाद आता है। 2 से 3 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब फिरनी हल्की गुनगुनी रह जाए, तब उसमें मैंगो पल्प मिलाएं। बहुत गर्म मिश्रण में आम का गूदा डालने से स्वाद बदल सकता है, इसलिए इसे थोड़ा ठंडा करना जरूरी है। मैंगो पल्प डालने के बाद फिरनी को अच्छी तरह मिक्स करें और सर्विंग बाउल में निकाल लें। अब इसे 1 से 2 घंटे के लिए फ्रिज में ठंडा होने रखें। सर्व करने से पहले ऊपर से बचे हुए बादाम, पिस्ता और किशमिश डालकर गार्निश करें। चाहें तो कुछ आम के छोटे टुकड़े और केसर स्ट्रैंड भी ऊपर से डाल सकती हैं।



