हिमाचली खबर: फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बिलखानी गांव में एक गैस सिलेंडर लीक होने से ब्लास्ट हो गए। धमाका इतना तेज था कि हादसे में 9 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मकान में 6 लोग मौजूद थे। वहीं धमाके के बाद घायलों को बचाने गए 3 बाहरी लोग भी झुलस गए। फिलहाल सभी 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 8 लोगों को कानपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गैस लीक होने की वजह से ही यह ब्लास्ट हुआ है।

दो कमरों वाले घर में हुआ धमाका
एसपी अभिमन्यु मंगलिक ने बताया, “आज कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिलखानी नामक गांव में एक दो कमरों वाले घर में सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद विस्फोट हो गया। ब्लास्ट होने से मकान में आग लग गई। घटना के समय घर में 6 लोग मौजूद थे। इसके अलावा तीन लोग बाहर के भी थे, जो उन्हें बचाने आए थे। इस तरह से कुल 9 लोग इस घटना में झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को इलाज के लिए तुरंत मालवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उनमें से आठ लोगों को आगे के इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।”
घायलों का इलाज जारी
एसपी अभिमन्यु मंगलिक ने बताया, “सभी घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर आननफानन में अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक डीएम द्वारा और मेरे द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर से भी बात कर ली गई है। प्रथम दृष्टया, विस्फोट की वजह सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण हुआ प्रतीत होता है। फिलहाल इस हादसे में घायल हुए लोगों की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। कानपुर में भी कुछ जवानों को तैनात किया गया है, जो इलाज सही हो, यह सुनिश्चित करेंगे।”



