हिमाचली खबर: शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ मिलकर सुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की टीम ने आरोपी को मुज्जफरनगर से दबोचा है। हत्यारे की तस्वीर भी सामने आई है।

हत्या के पीछे की अभी नहीं पता चली वजह
आरोपी का असली नाम राजकुमार है। हालांकि, इसको राज सिंह के नाम से भी जानते हैं। इस हत्याकांड में सबसे अहम रोल इसी राजकुमार का है, ये मेन शूटर बताया जा रहा है। इस हत्याकांड के पीछे का मोटिव अभी तक क्लियर नहीं हुआ है। आरोपी को मंगलवार को कोलकाता स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस मामले में अब तक कुल 4 गिरफ्तार
इस हत्याकांड में बंगाल पुलिस ने पहले तीन गिरफ्तारी की थी, जो 23 मई तक सीबीआई की कस्टडी में है। अब सीबीआई ने एक और गिरफ्तारी की है। इस मामले में अब तक कुल 4 गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
6 मई की रात पीए की हुई थी हत्या
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होने के ठीक दो दिन बाद, 6 मई की रात को शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। 6 मई की रात को जब चंद्रनाथ रथ उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यग्राम स्थित अपने घर में एक पार्टी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी।
हमलावर ने चलाईं थी करीब 10 गोलियां
शुरुआती जांच के अनुसार, जब पीए चंद्रनाथ रथ की गाड़ी एक चारपहिया वाहन से टकराकर रुकी, तो काफी देर से उसका पीछा कर रहे दो मोटरसाइकिलों में से एक रथ की गाड़ी के बगल में आकर रुक गई। उसी मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर ने करीब से 10 गोलियां चलाईं। रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, बेरा की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।



