हिमाचली खबर: वरद विनायक चतुर्थी पर भगवान श्रीगणेश की पूजाअर्चना करना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन विधिविधान से गणपति बप्पा की आराधना की जाती है। भक्त गणेशजी को प्रसन्न करने के लिए अपनेअपने तरीके से प्रयास करते हैं। भगवान गणेश की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करके लाल फूल, दूर्वा, सिंदूर, मोदक, फल और भोग अर्पित करें। यूं तो बाजार में कई तरह की मिठाईयां आसानी से मिल जाती हैं। लेकिन आप गणेशजी के लिए घर में मोदक बना सकते हैं। यहां उसकी एक नहीं दो रेसिपी शेयर की गई हैं।

उकडीचे मोदक बनाने की विधि
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 कप चावल का आटा
2 कप नारियल का बुरादा
1 कप गुड़
2 टी स्पून देसी घी
1/2 टी स्पून इलायची पाउडर
1/2 टी स्पून नमक
उकडीचे मोदक बनाने की आसान रेसिपी
उकडीचे मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में 1 टी स्पून देसी घी डालकर गरम करें। फिर इसमें नारियल का बुरादा डालकर अच्छे से भूनें। नारियल से जब खुशबू आने लगे, तब इसमें गुड़ को हल्का पीसकर डाल दें। इस बात का ध्यान रखें कि आपको गुड़ डालकर इसे मीडियम आंच पर अच्छे से चलाते रहना है। जब गुड़ पिघलने लगे और नारियल के साथ मिक्स हो जाए तब आपको इसमें इलायची पाउडर मिलाना है।
मोदक की स्टफिंग तैयार है। अब इसे अलग रख दें। फिर एक अन्य कड़ाही में 1 टी स्पून देसी घी डालें। उसे मीडियम आंच पर गरम करें। जब घी गर्म हो जाए तो इसमें आधा चम्मच नमक डालें। इसे करछी से अच्छी तरह चलाएं। फिर 2 कप पानी डालकर उबालें। पानी में उबाल आने के बाद इसमें चावल का आटा थोड़ाथोड़ा कर डालते जाएं। हां एक बात का ध्यान रखें इस दौरान करछी की मदद से इसे मिलाते रहें।
आपको इसे तब तक चलाना है, जब तक चावल का आटा पानी को पूरी तरह सोख ना लें। फिर गैस ऑफ कर दें। कड़ाही को करीब 10 मिनट के लिए किसी थाली से ढककर अलग रख दें। फिर आटे को हल्के हाथों से मलते हुए सॉफ्ट डो तैयार कर लें। इससे आपको छोटीछोटी लोई बनानी है। उन्हें हल्का बेल लें। चम्मच से स्टफिंग भरकर मोदक की शेप में बांध लें।
मोदक प्रसाद बनाने की विधि
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 कप मैदा
6 चम्मच चाशनी
एक चम्मच घी
2 कप तेल
नमक स्वादानुसार
2 चुटकी केसर
1 कप नारियल पाउडर
1/2 चम्मच इलायची पाउडर
2 कप रवा
दूध
आटा
इस तरह करें तैयार
बप्पा को भोग लगाने के लिए मोदक बनाना है तो तो एक बाउल में थोड़ा सा दूध डालें। फिर दूध में केसर डालें। इसे 15 मिनट के लिए भिगो कर छोड़ दें। फिर आपको बाउल में मैदा और रवा लेनी है। इसमें थोड़ा केसर डाल दें। फिर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद आटे में नमक और पानी मिलाकर उसे गूंथ लें। अब गूंथे हुए आटे को कम से कम दस मिनट के लिए अलग रख दें। इस दौरान एक पैन लें और उसे गैस पर रखें। चीनी और पानी डालकर चाशनी तैयार करें।
जब चाशनी तैयार हो जाए तो उसमें नारियल पाउडर और इलायची पाउडर डालें। फ्राई करें। फिर इसमें घी मिलाएं और ठंडा होने के लिए छोड़ दें। गूंथे हुए आटे की छोटी छोटी गोलियां बनाएं और उसमें नारियल का मिश्रण फिल करें। फिल करने के बाद उसे हाथ से दबाएं। इन गोलियों को फ्राइंग पैन में डालें और हल्का गोल्डन रंग आने तक फ्राई करें। इस प्रकार आपका मोदक बन कर तैयार हो जाएगा। थोड़ी देर ठंडा होने दें और फिर भोग लगाएं।



