हिमाचली खबर: आजकल डिजाइनर साड़ियां सिर्फ बड़े बुटीक या महंगे शोरूम तक सीमित नहीं रह गई हैं। महिलाएं अपने फैशन सेंस का इस्तेमाल करते हुए घर बैठे ही अपनी पसंद मुताबिक कम खर्च में डिजाइनर लुक वाली साड़ी तैयार करवा लेती हैं। ऑनलाइन या लोकल मार्केट से फैब्रिक खरीदकर घर पर ही यूनिक और ट्रेंडी साड़ी तैयार करवाना अब बेहद आम बात है।

खासकर सीक्विन, जॉर्जेट, नेट और शिमरी फैब्रिक से बनी साड़ियां शादी, पार्टी और फेस्टिव सीजन में काफी ट्रेंड में हैं। अच्छी बात यह है कि सही फैब्रिक, डिजाइन और स्टाइलिंग की मदद से आप कम बजट में भी डिजाइनर लुक पा सकती हैं। अगर आप भी बाजार जैसी खूबसूरत साड़ी अपने हिसाब से बनवाने का सोच रही हैं, तो पहले जान लीजिए कौनसा फैब्रिक सही रहेगा, कितने कपड़े की जरूरत होगी, कितना खर्च आ सकता है और साड़ी को स्टाइलिश लुक देने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
साड़ी के लिए ट्रेंड में हैं इस तरह के फैब्रिक
इन दिनों सीक्विन, लाइट मिरर वर्क वाला जॉर्जेट/फॉक्स जॉर्जेट फैब्रिक, स्टोन, बीट्स एम्ब्रॉयडरी वाले फैब्रिक से तैयार की गई साड़ियां खूब पसंद की जा रही हैं। इस तरह के फैब्रिक आजकल पार्टी वियर, कॉकटेल और फेस्टिव साड़ियों में काफी ट्रेंड में हैं।
फैब्रिक की पहचान कैसे करें?
कपड़े पर लाइनिंग या ऑलओवर छोटेछोटे चमकदार सीक्विन लगे होते हैं। कई डिजाइनों में छोटे मिरर भी जुड़े रहते हैं। फैब्रिक हल्का फ्लोई होता है, इसलिए साड़ी का फॉल अच्छा आता है। इतना ही नहीं हाथ में लेने पर थोड़ा सॉफ्ट टेक्सचर महसूस होता है। इसलिए यह गर्मियों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती है। पार्टी लाइट में यह कपड़ा ज्यादा शाइन करता है।
बाजार से कपड़ा खरीदकर साड़ी कैसे बनवाएं?
सबसे पहले फैब्रिक चुनें
आप मार्केट से सीक्विन जॉर्जेट, मिरर वर्क फैब्रिक, एम्ब्रॉयडरी जॉर्जेट, फॉक्स जॉर्जेट, नेट वाला सीक्विन कपड़ा ले सकती हैं। ऐसे फैब्रिक अक्सर दिल्ली, सूरत, जयपुर और लोकल फैब्रिक मार्केट में आसानी से मिल जाते हैं। पूरी साड़ी लगभग ₹2500₹7000 में तैयार हो सकती है।
साड़ी के लिए कितना कपड़ा चाहिए?
साड़ी: लगभग 5.5 मीटर
ब्लाउज: 0.8 से 1 मीटर
अगर पल्लू भारी बनवाना है तो थोड़ा एक्स्ट्रा फैब्रिक लेना बेहतर रहता है
पल्लू और बॉर्डर का डिजाइन चुनें
साड़ी को डिजाइनर लुक देने के लिए आप अपनी पसंद मुताबिक पल्लू की डिजाइन चुन सकते हैं। भारी पल्लू, चमकीला बॉर्डर बनवाने की बजाय हल्की शीशे की कढ़ाई या स्टोन वाली लेस लगवा सकती हैं।
अच्छे दर्जी या बुटीक का चुनाव करें
अगर कपड़ा महंगा है, तो अनुभवी दर्जी या अच्छे बुटीक से ही साड़ी तैयार करवाएं। इससे फिनिशिंग बेहतर आती है।
फॉल और अंदर की परत जरूर लगवाएं
साड़ी सुंदर दिखे इसके लिए फॉल लगवाना जरूरी माना जाता है। अगर कपड़ा ज्यादा हल्का या पारदर्शी हो, तो अंदर पतली परत भी लगवाई जा सकती है।
पहनकर जरूर जांच लें
ब्लाउज और साड़ी तैयार होने के बाद एक बार पहनकर जरूर देखें, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते बदलाव करवाया जा सके।
खरीदते समय इन गलतियों से बचें
बहुत ज्यादा चुभने वाला सीक्विन फैब्रिक न लें। सस्ता ग्लू वर्क जल्दी निकल सकता है। फैब्रिक को मोड़कर देखें, ज्यादा कठोर लगे तो न खरीदें। ब्लाउज का वजन साड़ी से ज्यादा भारी न रखें। ऑनलाइन खरीदते समय closeup वीडियो जरूर देखें।



