Himachal Pradesh के Sirmaur जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना में तैनात लांस नायक मुकेश कुमार की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब क्षेत्र के गांव टोका नगला निवासी लांस नायक (गनर) मुकेश कुमार इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि वीरवार को वह खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संपर्क हाई वोल्टेज बिजली की तार से हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें उपचार के लिए पांवटा साहिब के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक जवान भारतीय सेना की 15 फील्ड आर्टिलरी रेजीमेंट में तैनात थे और वर्तमान में देहरादून में सेवाएं दे रहे थे। कुछ दिन पहले ही वह 30 दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव लौटे थे। बताया जा रहा है कि मुकेश अभी अविवाहित थे और उनका भाई भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहा है।

जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार सदमे में डूब गया। गांव में भी मातम पसरा हुआ है और लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को लांस नायक मुकेश कुमार का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।