हिमाचली खबर: Moradabad Crime News: यूपी के मुरादाबाद जिले में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए फर्जी डाॅक्टर बनकर शादी करने और युवती के उत्पीड़न का मामला सामने आया है. आरोप है कि बरेली निवासी एक युवक ने खुद को ऋषिकेश एम्स का एमबीबीएस डॉक्टर बताकर मुरादाबाद की 25 वर्षीय युवती से शादी कर ली. युवती का आरोप है कि शादी के महज 18 दिन बाद उसको पता चला कि उसका पति डॉक्टर नहीं है. वह सिर्फ 10वीं पास है. इसके बाद पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मुलाकात, फर्जी डॉक्टर बताकर बनाया दोस्त.. शादी के बाद युवती ने लगाया रेप का आरोप​
मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मुलाकात, फर्जी डॉक्टर बताकर बनाया दोस्त.. शादी के बाद युवती ने लगाया रेप का आरोप​

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे बंधक बना लिया और डराधमकाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर युवती अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी सच्चाई बताई. मामले की गंभीरता को देखते हुए मझोला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के 11 लोगों के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

डाॅक्टर की नेम प्लेट लगाकर युवती के परिजनों से मिला

पीड़िता के अनुसार उसने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपना बायोडाटा अपलोड किया था. इसी दौरान बरेली के फतेहगंज ईस्ट निवासी युवक ने उससे संपर्क किया और उसने खुद को ऋषिकेश एम्स का डॉक्टर बताया. आरोपी ने युवती को अपनी मेडिकल डिग्री भी दिखाई, जिससे वह भरोसे में आ गई.

युवती के पिता जब सच्चाई जानने ऋषिकेश पहुंचे, तो आरोपी सफेद कोट और डॉक्टर की नेम प्लेट लगाकर उनसे मिला. यही नहीं, जब लड़की वाले उसके बरेली स्थित घर गए थे, तो आरोपी और उसके परिजनों ने चिकित्सा की कई डिग्रियां दिखाकर उन्हें पूरी तरह गुमराह किया.

कब हुई थी शादी?

दोनों परिवारों की सहमति के बाद 21 अप्रैल 2026 को मुरादाबाद के एक होटल में धूमधाम से शादी हुई. शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन 9 मई को युवती को पति की असलियत का पता चला. आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी और उसके परिजनों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.

पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.