हिमाचली खबर: यूपी के बदायूं जिले में स्थित कछला गंगाघाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हाथरस जिले से आए एक ही परिवार और रिश्तेदारों के 6 सदस्य अचानक गहरे पानी में डूबने लगे. हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोरी लापता है. चार अन्य लोगों को गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र की है.

बदायूं में गंगा में डूबने से 16 वर्षीय लड़के की मौत… लड़की लापता; परिवार के साथ आए थे नहाने, सर्च ऑपरेशन जारी​
बदायूं में गंगा में डूबने से 16 वर्षीय लड़के की मौत… लड़की लापता; परिवार के साथ आए थे नहाने, सर्च ऑपरेशन जारी​

जानकारी के अनुसार हाथरस जिले के थाना हसायन क्षेत्र के गांव कनऊ निवासी ओमवीर अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कछला गंगाघाट पर स्नान करने आए थे. स्नान के दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा नीलेश और रिश्तेदार 17 वर्षीय शिखा, निवासी गांव पिहोटी थाना हसायन, अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.

4 लोगों को गोताखोरों ने निकाला सुरक्षित

दोनों को बचाने के प्रयास में ओमवीर, उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर भी पानी में फंस गए. घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने गंगा में छलांग लगाकर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

नीलेश की हो गई मौत, शिखा की तलाश जारी

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद नीलेश को गंगा से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं किशोरी शिखा का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया.

जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. उझानी के एसएचओ प्रवीण कुमार ने बताया कि लापता किशोरी की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है. वहीं इस घटना के बाद इलाके में भी हड़कंप मचा है और हादसे की चर्चा हो रही है.