शिमला/ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। टिकरी क्षेत्र के जारमाड़ा गांव में सोमवार सुबह एक 8 वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण की घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची घर के बाहर थी, तभी हिमाचल नंबर की एक संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची और कुछ लोग उसे जबरन वाहन में बैठाकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। बच्ची के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन बदहवास हालत में उसकी तलाश में जुट गए। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। साथ ही संदिग्ध वाहन की जानकारी सभी नाकों और पुलिस चौकियों को भेजी गई।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि बच्ची कहां मिली और किन परिस्थितियों में उसे छुड़ाया गया, इसे लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामले में किसी आरोपी को हिरासत में लिया गया है या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और स्थानीय लोगों ने गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है।