हिमाचली खबर: Gond Katira Drinks: गर्मी के समय तेज धूप, पसीना और गर्म हवाओं की वजह से शरीर जल्दी थक जाता है। इस दौरान शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में गोंद कतीरा एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। इसका सेवन शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है। इसकी तासीर ठंडी होती है जिसकी वजह से गर्मियों में इसे पीना फायदेमंद माना जाता है।

गोंद कतीरा शरीर को एनर्जी देने के साथसाथ डिहाइड्रेशन की समस्या से बचाने में भी मदद कर सकता है। अगर आप इस मौसम में रोजाना घर से बाहर निकलते हैं तो ऐसे में गोंद कतीरे को डाइट में शामिल किया जा सकता है जो एनर्जी और ठंडक दोनों दे सकता है। इसके लिए आप गोंद कतीरे से बनने वाली कुछ ड्रिंक्स ट्राई कर सकती हैं।
गोंद कतीरा शरबत
गर्मी के समय गोंद कतीरा काफी पसंद किया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक चम्मच गोंद कतीरा रातभर के लिए भिगो दें। सुबह यह फूलकर जेली जैसा हो जाएगा। अब एक गिलास में ठंडा पानी और भीगा हुआ गोंद कतीरा डालें। इसमें चीनी, गुलाब जल और थोड़ा सा नींबू का रस मिलाएं। इसमें आप ऊपर से बर्फ के टुकड़े डाल सकते हैं। यह ड्रिंक शरीर को ठंडक देन के साथसाथ एनर्जी देने में भी मदद करेगी।
गोंद कतीरा फालूदा
गर्मियों में कुछ मीठा और ठंडा खाना है तो गोंद कतीरा फालूदा बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक गिलास ठंडे दूध में फालूदा सेव, भीगा हुआ गोंद कतीरा और रूह अफजा मिलाएं। अब इसमें ऊपर से वनीला आइसक्रीम और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाएं। इस ड्रिंक को आप सुबह या शाम किसी भी समय पी सकते हैं जो शरीर को रिफ्रेश करने में मदद कर सकती है।
गोंद कतीरा मिल्क शेक
इसे बनाने के लिए गोंद कतीरे को सबसे पहले रातभर भिगाने के लिए रख दें। सुबह यह फूलकर मुलायम और सफेद जेल जैसा हो जाएगा। अब एक मिक्सी में भीगा हुआ गोंद कतीरा, चीनी और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स डालें। अब इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें ताकि स्मूद ड्रिंक बन जाए। इसे गिलास में निकालकर ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और बर्फ के टुकड़े डालकर सर्व करें।
गोंद कतीरा खाने के फायदे
गोंद कतीरा गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। शरीर को हाइड्रेट रखने के साथसाथ एनर्जी देने और कमजोरी दूर करने में भी मदद कर सकता है। गर्मियों में इसे शरबत, दूध या फालूदा जैसी ड्रिंक्स में मिलाकर सेवन किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।


