हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सदर थाना क्षेत्र के लहड़ा डूग्घा गांव में घास काटते समय एक महिला का हाथ मशीन में फंस गया। महिला काफी देर तक दर्द से तड़पती रही, लेकिन घर में कोई मौजूद न होने के कारण उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी और उसकी बाजू शरीर से अलग हो गई।
घायल महिला की पहचान 45 वर्षीय सुषमा देवी पत्नी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुषमा देवी घर के पास मशीन से घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका हाथ तेज रफ्तार मशीन में चला गया और वह उसमें बुरी तरह फंस गईं।
मशीन की पकड़ इतनी मजबूत थी कि महिला खुद को बाहर नहीं निकाल सकी। वह लगातार मदद के लिए चीखती रही, लेकिन घर में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के अन्य सदस्य मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती सास की देखभाल के लिए गए हुए थे, जबकि पति प्रमोद कुमार स्कूल बस चालक होने के कारण ड्यूटी पर थे।
करीब डेढ़ घंटे बाद पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने सुषमा की चीखें सुनीं। जब वह मौके पर पहुंची तो महिला को मशीन में फंसा देख घबरा गई। उसने तुरंत मशीन की मोटर बंद की और आसपास के लोगों को बुलाया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मशीन को खोलकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी बाजू शरीर से अलग हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मौके पर पहुंचे महिला के पति ने बताया कि परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि घर पर इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम जैसा माहौल है और लोग खेतों व घरों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।