हिमाचली खबर: गर्मी के मौसम में तरबूज का सेवन खूब किया जाता है। यह शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करता है। दरअसल, तरबूज में लगभग 92 फीसदी पानी पाया जाता है, जो गर्मी के मौसम में पेट को ठंडा रखने और शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद करता है। इसके अलावा तरबूज में विटामिन सी, विटामिन ए और लाइकोपीन जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। तरबूज खाने के बाद लोग इसके छिलके को बेकार समझकर अक्सर फेंक देते हैं। लेकिन ये छिलके खाद बनाने में काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

दरअसल, सब्जियों और फलों के छिलके भी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। अगर सही तरीके से इनका इस्तेमाल किया जाए, तो ये पौधों के लिए ऑर्गेनिक खाद बन सकते हैं। अगर आपने भी बालकनी या छत पर पौधे लगा रखे हैं तो तरबूज के छिलकों से बनाई गई खाद उनको हराभरा और उनकी ग्रोथ में काफी मदद कर सकता है। आइए जानते हैं घर पर किस तरह तरबूज के छिलकों से खाद बनाएं।
इस तरह छिलकों को कंटेनर में डालें
तरबूज के छिलकों में पोटेशियम, कैल्शियम के साथ कई और पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों की ग्रोथ और उन्हें हराभरा बनाए रखने में मदद करते हैं। कुछ दिनों तक तरबूज के छिलकों को इकट्ठा कर लें। खाद बनाने से पहले उन्हें अच्छे से साफ करके छोटेछोटे टुकड़ों में काट लें। इससे वह जल्दी गलते हैं। अब एक बड़े कंटेनर में छिलके डालें और उसमें पानी पूरा भर दें। कंटेनर के ढक्कन को हल्का ढककर दोतीन दिन के लिए किसी छांव वाली जगह पर रख दें और ऊपर से एक कपड़ा बांध दें।
इतने दिनों में तैयार हो सकती है खाद
करीब एक हफ्ते तक छिलकों वाले पानी को बाहर रहन दें और रोजाना एक बार उन्हें हिलाते रहें। जब पानी हल्का भूरा दिखने लगे तब इसे छान लें। अब आपकी लिक्विड खाद तैयार है। अब फर्टिलाइजर को पानी में बराबर की मात्रा में मिला लें। इसे हफ्ते में एक से दो बार पौधों की जड़ों में डाल सकते हैं। इस ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर की मदद से पौधों की ग्रोथ तेजी से होती है और उनमें फलफूल जल्दी आने लगते हैं। इसके साथ ही मिट्टी में भी उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है।



